होली पर ठाणे RPF का जागरूकता अभियान (सोर्स- नवभारत)
Holi Safety Campaign: ठाणे,मुंबई लोकल से यात्रा करने वाले यात्रियों पर रंग या पानी भरे गुब्बारे और पत्थर फेंकने जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए मध्य रेल आरपीएफ के सीनियर डीएससी ऋषि कुमार शुक्ल के मार्गदर्शन में ठाणे आरपीएफ ने जागरूकता अभियान चलाया।
होली त्यौहार को ध्यान में रखते हुए मध्य रेलवे के पारसिक सेक्शन में ट्रैक के किनारे की झोपड़पट्टीयों में ठाणे आरपीएफ के प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र कुमार कोष्टा ने स्वयं जाकर ट्रैक किनारे झोपड़पट्टी के आस पास रहवासियों तथा छोटे बच्चों को एकत्रित कर उन्हें लोकल पर गुब्बारे या पत्थर आदि न फेंकने जागरूक किया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति या बच्चा ट्रेन पर रंग से भरे गुब्बारे तथा पत्थर ना फेंके इससे यात्रियों को चोट लग सकती है तथा जान को खतरा हो सकता है। इस दौरान ठाणे आरपीएफ की महिला अधिकारियों-कर्मियों ने बच्चों को चॉकलेट भी बांटे।
आरपीएफ निरीक्षक कोष्टा ने बच्चों और उनके परिजनों से कहा कि ‘आप लोग भी मुंबई लोकल या अन्य ट्रेन से यात्रा करते हैं यदि आपको कोई चोट पहुंचाएगा तो कैसा लगेगा’। उन्होंने कहा कि कोई भी अगर ऐसा करता हुआ पाया जाता है तो उसे समझाएं , RPF ठाणे को सूचित करें या रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर कॉल करें। यदि कोई व्यक्ति रंग भरे गुब्बारे, कलर या पत्थर फेंकते पाया जाता है तो उस पर रेल अधिनियम के तहत कार्यवाही की जाएगी।
ये भी पढ़ें :- वना नदी में खूनी गैंगवार: बीजेपी नेता भारत नागपाल की हत्या, रेत माफियाओं पर शिकंजा
उल्लेखनीय है कि मुंबई में रेलवे ट्रैक के किनारे बड़े पैमाने पर झोपड़पट्टी बसी हुई है। होली या अन्य मौकों पर यहां रहने वाले बच्चे या अन्य रहिवासी भी लोकल पर गुब्बारे या पत्थर फेंकते हैं। इन घटनाओं के चलते लोकल में दरवाजे पर खड़े होकर यात्रा करने वाले कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो जाते हैं।
इन घटनाओं पर रोक लगाने के लिए हर साल रेल प्रशासन एवं आरपीएफ के माध्यम से जनजागरूकता अभियान भी चलाया जाता है। इसका असर भी पड़ा है। पहले की अपेक्षा होली या अन्य अवसरों पर मुंबई लोकल पर गुब्बारे या पत्थर फेंकने की घटनाओं में काफी कमी आयी है।