मतदान से पहले ही ठाणे में भाजपा की दो महिला उम्मीदवार निर्विरोध , जानें कौन है जीत के दावेदार...

KDMC Election News: ठाणे के कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका चुनाव में भाजपा की दो महिला उम्मीदवारों ने मतदान से पहले ही निर्विरोध जीत दर्ज की, जिसे पार्टी नेतृत्व ने जनता के भरोसे का प्रतीक बताया।
Thane municipal election, KDMC election news
KDMC Election News:ठाणे के कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका (सोर्सः सोशल मीडिया)
Updated on

Thane Municipal Election: महाराष्ट्र के ठाणे जिले में कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका (केडीएमसी) चुनाव में मतदान शुरू होने से पहले ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दो महिला उम्मीदवारों ने निर्विरोध जीत दर्ज की है। अधिकारियों के अनुसार, एक दशक से अधिक समय तक पार्षद रहीं रेखा चौधरी को वार्ड क्रमांक 18 (कचोरे) से, जबकि आसावरी केदार नवरे को वार्ड क्रमांक 26 (ए) से निर्विरोध विजयी घोषित किया गया।

भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने इन जीतों को जनता की ओर से मिला “सर्वोच्च नागरिक सम्मान” बताया। उन्होंने कहा, “यह कचोरे क्षेत्र में दस वर्षों तक जमीनी स्तर पर समस्याओं के समाधान और हर नागरिक के साथ खड़े रहने की पहचान है। लोगों ने मौन रहकर अपना समर्थन व्यक्त किया है।”

आसावरी केदार राजनीति में नया चेहरा

आसावरी केदार नवरे नगर निकाय की राजनीति में नया चेहरा हैं, लेकिन उनका परिवार शुरुआत से ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़ा रहा है। चव्हाण ने इन जीतों की जानकारी मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता देवेंद्र फडणवीस को वीडियो कॉल के माध्यम से दी।

निर्विरोध जीत जनता के भरोसे का मजबूत संदेश: फडणवीस

इस पर फडणवीस ने कहा, “जीत तो जीत होती है, लेकिन निर्विरोध जीत जनता के भरोसे का मजबूत संदेश देती है। यही ऊर्जा हमें बेहतर कल्याण-डोंबिवली की दिशा में आगे बढ़ाएगी।” उल्लेखनीय है कि राज्य भर में केडीएमसी सहित 29 महानगरपालिकाओं के चुनाव 15 जनवरी को होंगे और मतगणना अगले दिन की जाएगी।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live
navbharatlive.com