Thane Dahi Handi: भिवंडी में एकनाथ शिंदे ने फोड़ी नशामुक्ति की हांडी, खोपटचा राजा ने जीती 5.50 लाख की बाजी

Khopatcha Raja Wins: ठाणे में Dahi Handi का जबरदस्त रोमांच देखने को मिला। 'खोपटचा राजा' ने 9 थर की मानव मीनार बनाकर 5.50 लाख का इनाम जीता, जबकि शिंदे ने नशामुक्ति का संदेश दिया।
Thane Dahi Handi Khopatcha Raja Wins
ठाणे में दहीहंडी का जबरदस्त उत्साह के दौरान एकनाथ शिंदे(फोटो नवभारत)
Published on
Updated on

Dahi Handi Khopatcha Raja Wins: शनिवार को मुंबई के साथ ठाणे, भिवंडी, कल्याण,नवी मुंबई में दहीहंडी उत्सव ठाणे में उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। बीजेपी ठाणे शहर (जिला) और शारदा संकल्प प्रतिष्ठान की ओर से मीनाताई ठाकरे चौक पर आयोजित दहीहंडी समारोह में गोविंदा पथकों ने 9 थर की मानव मीनार बनाकर रोमांच पैदा किया।

देर शाम तक 75 से ज्यादा पुरुष और 30 महिला गोविंदा पथकों ने दही हांडी में भाग लिया। ‘खोपटचा राजा’ गोविंदा पथक ने नौ थर की मानव मीनार बनाकर दहीहंडी फोड़ने का सम्मान हासिल किया।

शानदार प्रदर्शन के लिए पथक को 5.50 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया। वहीं, छत्रपति गोविंदा पथक, कांजूरमार्ग पूर्व ने भी नौ थर की मानव मीनार बनाकर शानदार प्रदर्शन किया और दूसरा स्थान हासिल किया। पथक को 2,22,222 रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया।

सीएम डीसीएम ने की शिरकत

कार्यक्रम का आयोजन उप महापौर कृष्णा दादू पाटील और नंदा कृष्णा पाटील ने किया। समारोह में सीएम देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, वन मंत्री गणेश नाईक, परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक, विधायक संजय केलकर, भाजपा महिला मोर्चा महाराष्ट्र की प्रदेशाध्यक्ष एवं विधायक चित्रा वाघ, ठाणे की महापौर शर्मिला पिंपलोकर प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं। ढोल-ताशों की गूंज और ‘गोविंदा आला रे’ के जयघोष के बीच दहीहंडी फोड़ने का सिलसिला शुरू हुआ।

नशामुक्ति का संकल्प

उत्सव के दौरान ‘नशामुक्त युवा, यही मोदीजी का संकल्प’ विषय पर प्रभावी पथनाट्य प्रस्तुत कर युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया। इसके अलावा विभिन्न सांस्कृतिक और मनोरंजन कार्यक्रमों ने भी दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।

समारोह में बड़ी संख्या में नागरिकों के साथ आजी-माजी सांसद, विधायक, विभिन्न दलों के नगरसेवक व पदाधिकारी, पुलिस अधिकारी, ठाणे महानगरपालिका के अधिकारी और प्रसिद्ध मराठी अभिनेता अजिंक्य देव सहित विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य लोग मौजूद रहे।

भिवंडी में गोविंदा की धूम

बीजेपी नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री कपिल पाटिल द्वारा कपिल पाटिल फाउंडेशन एवं समन्वय युवा प्रतिष्ठान की दही हंडी में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सहित कई नेताओं अभिनेताओं ने हाजिरी लगाई। इस दौरान युवा गोविंदा का उत्साह चरम पर नजर आया।

छत्रपति शिवाजी महाराज चौक पर 'आम्ही शेलारकर' गोविंदा पथक ने 9 थर लगाकर इतिहास रच दिया। गीत संगीत के साथ हजारों युवाओ की उपस्थिति में मुंबई ठाणे के गोविंदा ने 6 से लेकर 9 थर लगाकर दही हंडी की सलामी ली।

Thane Dahi Handi Khopatcha Raja Wins
Manoj Jarange ने अब पानी भी छोड़ा; मराठा आरक्षण आंदोलन में नया मोड़, जरांगे बोले- 12 सितंबर को मुंबई मार्च तय

कोपरी में एकनाथ शिंदे ने फोड़ी नशामुक्ति की हांडी

ठाणे के कोपरी स्थित अष्टविनायक चौक में शिवसेना कोपरी विभाग की ओर से आयोजित उपमुख्यमंत्री दहीहंडी उत्सव में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने समारोह में पहुंचकर गोविंदा पथकों का उत्साह बढ़ाया और अपने हाथों से ‘नशामुक्ति की हांडी’ फोड़ी।

इस दौरान उन्होंने युवाओं से नशे और व्यसनों से दूर रहकर जीवन को सकारात्मक दिशा देने की अपील की। शिंदे ने कहा कि युवा पीढ़ी देश और महाराष्ट्र की ताकत है। इस ताकत को नशे से दूर रखना समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से व्यसन से बचने और अपने भविष्य को बेहतर बनाने की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में सांसद नरेश म्हस्के, पूर्व महापौर अशोक वैती, पूर्व महापौर मीनाक्षी शिंदे, महापौर शर्मिला पिंपलोकर, सभागृह नेता हणमंत जगदाले,परिवहन समिति सदस्य प्रकाश कोटवानी सहित शिवसेना के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com