ठाणे में काल बना गलत दिशा में खड़ा डंपर: मंदिर से लौट रहे दो भाइयों की दर्दनाक मौत, इलाके में मचा कोहराम
Thane Accident: भिवंडी में लापरवाही ने ली दो मासूम जान। दर्शन कर लौट रहे चचेरे भाइयों की बाइक सड़क पर गलत साइड खड़े डंपर से टकराई। आरोपी ड्राइवर फरार, पुलिस तलाश में जुटी।
- Written By: आकाश मसने
प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स: AI)
Thane Road Accident News In Hindi: महाराष्ट्र के ठाणे जिले से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है। भिवंडी के वेहलेगांव रोड पर रविवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में दो चचेरे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना का कारण सड़क पर गलत दिशा में और बिना किसी पार्किंग लाइट या चेतावनी संकेत के खड़ा एक डंपर बताया जा रहा है।
दर्शन कर लौट रहे थे घर
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान 19 वर्षीय आयुष विजय जाधव और 25 वर्षीय ऋषिकेश राजेश जाधव के रूप में हुई है। दोनों भाई ठाणे शहर के दिवा इलाके में आगासन रोड पर एक ही परिवार के साथ रहते थे। रविवार की रात दोनों भाई पास के एक मंदिर में दर्शन करने गए थे। रात करीब 11:30 बजे जब वे अपनी मोटरसाइकिल से वापस घर लौट रहे थे, तभी वेहलेगांव रोड पर मौत ने उन्हें घेर लिया।
लापरवाही ने ली जान
नारपोली पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि सड़क पर एक डंपर बेहद लापरवाही के साथ गलत दिशा में खड़ा किया गया था। अंधेरा होने के कारण और डंपर की पार्किंग लाइट या कोई रिफ्लेक्टर न होने की वजह से बाइक सवार भाई उसे देख नहीं पाए और सीधे पीछे से जा टकराए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सम्बंधित ख़बरें
गर्मी के कारण घर के बाहर सो रहा था परिवार, बेकाबू डंपर ने 4 को सुलाया मौत की नींद, बाराबंकी में पसरा मातम
प्रकाश आंबेडकर का बड़ा दावा, मोदी की इटली यात्रा और सैन्य स्टील शिपमेंट पर उठाए सवाल
Pre Monsoon Rain Alert Pune: महाराष्ट्र में बदला मौसम का मिजाज, पुणे समेत कई जिलों में तेज बारिश और तूफान
Mahayuti Alliance Dispute: महायुति में बढ़ी अंदरूनी तकरार, हसन मुश्रिफ ने संजय शिरसाट पर जताई नाराजगी
फरार आरोपी, तलाश में जुटी पुलिस
हादसे के तुरंत बाद डंपर चालक अपनी गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया है। सोमवार को नारपोली पुलिस ने अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106 (1) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
यह भी पढ़ें:- 400 करोड़ की लूट और किडनैपिंग की कहानी निकली फिल्मी, नासिक पुलिस के खुलासे ने सबको चौंकाया; अब फंसेगा ड्राइवर
ठाणे पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में डंपर चालक की साफ तौर पर लापरवाही नजर आ रही है। फिलहाल आरोपी ड्राइवर को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है और पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है ताकि डंपर के मालिक और चालक का सुराग लग सके। इस घटना के बाद से दिवा इलाके में शोक की लहर है।
