10वीं-12वीं की परीक्षा देने वालों के लिए ठाणे पुलिस की 'खास' पहल, जाम में फंसे तो 54 'राइडर्स' पहुंचाएंगे सेंट

Maharashtra Board Exam: महाराष्ट्र बोर्ड परीक्षा के लिए ठाणे पुलिस ने छात्रों को ट्रैफिक से बचाने के लिए हेल्पलाइन नंबर और 54 राइडर्स तैनात किए हैं। परीक्षा केंद्र समय पर पहुंचने के लिए पढ़ें पूरी खबर।
Maharashtra Board Exam Thane Traffic Police Rider Service
प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Thane Traffic Police Rider Service: महाराष्ट्र में 10वीं (SSC) और 12वीं (HSC) की बोर्ड परीक्षाएं शुरू होने वाली हैं। परीक्षा के दौरान छात्रों को सबसे बड़ी चिंता समय पर सेंटर पहुंचने की होती है, खासकर मुंबई-ठाणे जैसे इलाकों में ट्रैफिक जाम एक बड़ी चुनौती है। इसी समस्या को देखते हुए ठाणे यातायात पुलिस ने एक सराहनीय और अनूठी पहल की है। पुलिस ने छात्रों की मदद के लिए 54 विशेष 'राइडर' तैनात करने का फैसला किया है।

बता दें कि महाराष्ट्र में 10वीं बोर्ड परीक्षा 10 फरवरी से और 12वीं की परीक्षाएं 20 फरवरी से शुरू हो रही हैं। ठाणे पुलिस आयुक्तालय के अंतर्गत जोन 1 से 5 तक 10वीं के लिए 223 केंद्र और 12वीं के लिए 126 केंद्र बनाए गए हैं। भारी संख्या में परीक्षार्थियों की आवाजाही को देखते हुए सड़कों पर दबाव बढ़ना तय है।

क्या है पुलिस का 'राइडर' प्लान?

पुलिस उपायुक्त (यातायात) पंकज शिरसाट ने बताया कि संभावित ट्रैफिक जाम और देरी से निपटने के लिए विभाग पूरी तरह मुस्तैद है। तैनात किए गए 54 राइडर्स मोटरसाइकिल पर सवार होकर उन इलाकों में गश्त करेंगे जहां जाम की संभावना ज्यादा है। अगर कोई छात्र ट्रैफिक में फंस जाता है या उसकी गाड़ी खराब हो जाती है, तो ये राइडर्स उसे तुरंत परीक्षा केंद्र तक छोड़ने में मदद करेंगे।

हेल्पलाइन और इमरजेंसी बैकअप सिर्फ राइडर्स ही नहीं, बल्कि ठाणे पुलिस ने तकनीक और बैकअप का भी पूरा ध्यान रखा है।

  • 18 यातायात इकाइयां: हर इकाई के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं।
  • कंट्रोल रूम: ट्रैफिक कंट्रोल रूम का व्हाट्सएप नंबर और विशेष हेल्पलाइन एक्टिव रहेगी।
  • स्पेशल व्हीकल: कंट्रोल रूम में 3 विशेष वाहन स्टैंडबाय पर रहेंगे, जो किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मौके पर पहुंचेंगे।

यह पूरी योजना

पुलिस आयुक्त आशुतोष डुंबरे और संयुक्त आयुक्त ज्ञानेश्वर चव्हाण के मार्गदर्शन में तैयार की गई है। पुलिस का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी छात्र का साल खराब न हो और वे बिना किसी मानसिक तनाव के समय पर अपनी परीक्षा दे सकें।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com