

Thane Draft Voter List: चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुसार ठाणे जिले में मतदाता सूचियों का स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन यानी (SIR) होने के बाद प्रारुप मतदाता सूची सार्वजनिक कर दी गई है। वोटर लिस्ट को अचूक और पारदर्शी बनाने के लिए एसआईआर प्रोग्राम के तहत सोमवार 31 अगस्त को घोषित सूची में 28 लाख 59 हजार से ज्यादा नाम काट दिए गए हैं। वैसे यह पुनर्निक्षण 1 अक्टूबर 2026 को अर्हता तिथि मानकर किया जा रहा है।
प्रारूप सूची में ठाणे जिले के 18 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 45 लाख 91 हजार 138 मतदाता दर्ज हैं। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, इनमें 23 लाख 50 हजार 795 पुरुष, 22 लाख 39 हजार 649 महिलाएं और 694 अन्य मतदाता शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि जारी आंकड़ों की तुलना में लाखों की संख्या में नाम सूची से बाहर हुए हैं।
SIR की प्रक्रिया के पहले ठाणे जिले की 18 विधानसभा क्षेत्रों में 6 हजार 894 पोलिंग स्टेशनों से जुड़े कुल 74 लाख 50 हजार 515 मतदाताओं का नाम सूची में दर्ज था। अब नई मतदाता सूची में कुल मतदाताओं की संख्या 45 लाख 91 हजार 138 बताई गई है। बताया गया कि बड़ी संख्या में दुबार मतदाता,मृतक मतदाता के अलावा माइग्रेट हुए मतदाताओं या अपना वैध कागजात न जमा कर सकने वालों के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं।
ठाणे जिला प्रशासन ने नागरिकों की सुविधा के लिए जिले के 6,831 मतदान केंद्रों पर प्रारूप मतदाता सूची उपलब्ध कराई है। इसके अलावा संबंधित मतदाता पंजीकरण अधिकारियों के कार्यालयों और निर्धारित स्थानों पर भी सूची देखी जा सकती है। मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को जिला स्तर पर प्रारूप मतदाता सूची उपलब्ध कराई जा रही है।
ठाणे जिलाधिकारी डॉ श्रीकृष्ण पांचाल के अनुसार, नागरिक 31 अगस्त से 30 सितंबर 2026 तक मतदाता सूची से संबंधित दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे। नया नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6, नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 तथा नाम या पते में संशोधन के लिए फॉर्म-8 निर्धारित किया गया है। संबंधित फॉर्म आवश्यक दस्तावेजों और घोषणा-पत्र के साथ जमा करना होगा।
प्राप्त दावों और आपत्तियों पर 31 अगस्त से 29 अक्टूबर 2026 के बीच सुनवाई कर उनका निपटारा किया जाएगा। इसके बाद 4 नवंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए दावों और आपत्तियों की अद्यतन सूची प्रत्येक सप्ताह मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही, नागरिकों के लिए दो स्तर की अपील व्यवस्था भी रखी गई है।
मतदाता पंजीकरण अधिकारी के निर्णय के विरुद्ध पहली अपील जिला कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. श्रीकृष्ण पांचाल के समक्ष किया जा सकेगा। इसके बाद मुख्य निर्वाचन अधिकारी, महाराष्ट्र के समक्ष दूसरी अपील का प्रावधान है।
ठाणे जिला प्रशासन ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे समय रहते प्रारूप मतदाता सूची में अपना नाम और विवरण जांच लें तथा आवश्यकता होने पर निर्धारित अवधि में दावा या आपत्ति दर्ज कराएं।