ठाणे में बड़ा खुलासा: रील स्टार सुरेंद्र पाटिल के घर मिला हथियारों का जखीरा, 7 बंदूकें और 371 जिंदा कारतूस
Surendra Panduranga Patil Thane: ठाणे क्राइम ब्रांच ने रील स्टार सुरेंद्र पाटिल के घर छापा मारकर 7 बंदूकें और 371 कारतूस बरामद किए। शू-रैक के पीछे छिपे थे हथियार, आरोपी गिरफ्तार।
- Written By: अनिल सिंह
Reel Star Surendra Panduranga Patil Arrested (फोटो क्रेडिट-X)
Reel Star Surendra Panduranga Patil Arrested: महाराष्ट्र के ठाणे जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ सोशल मीडिया पर ‘गैंगस्टर’ जैसा टौर दिखाने वाले एक रील स्टार के घर से हथियारों का जखीरा बरामद हुआ है। ठाणे क्राइम ब्रांच ने डोंबिवली के दावड़ी इलाके में स्थित सुरेंद्र पांडुरंगा पाटिल (55) के आलीशान बंगले पर शनिवार आधी रात को छापेमारी की। इस कार्रवाई में पुलिस ने न केवल पाटिल को गिरफ्तार किया, बल्कि उसके घर में एक गुप्त शू-रैक (जूतों की रैक) के पीछे छिपाकर रखी गई बंदूकों और कारतूसों की ‘छोटी फौज’ का पर्दाफाश किया।
सुरेंद्र पाटिल, जो पेशे से एक बिल्डर और हिस्ट्री-शीटर है, इंस्टाग्राम पर अपने रील वीडियो के कारण काफी मशहूर है। जेल से जमानत पर बाहर आने के महज दो हफ्ते बाद वह फिर से सलाखों के पीछे पहुँच गया है।
शू-रैक के पीछे छिपा था ‘हथियारों का साम्राज्य’
क्राइम ब्रांच को गुप्त सूचना मिली थी कि रील स्टार पाटिल के घर में अवैध हथियार छिपाए गए हैं। तलाशी के दौरान अधिकारियों की नजर एक नए बने शू-रैक पर पड़ी, जो घर के इंटीरियर से मेल नहीं खा रहा था। संदेह होने पर जब रैक के पिछले हिस्से (नकली पैनल) को हटाया गया, तो पुलिस अधिकारी भी दंग रह गए। वहां से 7 बंदूकें, 371 जिंदा कारतूस और 167 एयर गन की गोलियां बरामद हुईं। बरामद हथियारों और गोला-बारूद की कुल कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा, दो स्टील की छड़ें, बटन वाले चाकू, एक तेज धार वाला सुरा, दो कोयते और एक तलवार भी मिली है।
सम्बंधित ख़बरें
भाजपा के MLA किसन कथोरे ने कुलगांव-बदलापुर नगर परिषद को महानगर पालिका का दर्जा देनी की विधानसभा में मांग की
मुंब्रा में करंट से 17 साल की आलिया की मौत, महाराष्ट्र में मानसून की लापरवाही की बलि चढ़ीं ये मासूम जिंदगियां
अंबरनाथ में बिल्डर से परेशान होकर 192 फ्लैटधारकों ने किया 6 जुलाई से भूख हड़ताल पर बैठने का ऐलान
कल्याण-मुरबाड रेलवे लाइन का काम शुरू; 18 गांवों की 151 हेक्टेयर भूमि होगी अधिग्रहित, अधिसूचना जारी
‘Made in USA’ पिस्तौल और रील का शौक
ठाणे पुलिस द्वारा जब्त की गई सात बंदूकों में से पांच देसी पिस्तौल और रिवॉल्वर हैं, जबकि दो एयर गन हैं। कुछ पिस्तौल पर ‘Made in USA’ और ‘Special Auto’ जैसी नक्काशी की गई है, जो इनके पेशेवर होने का संकेत देती हैं। पूछताछ में पाटिल ने दावा किया कि उसने ये हथियार केवल सोशल मीडिया रील बनाने के लिए ‘प्रॉप्स’ के तौर पर रखे थे। हालांकि, डीसीपी (क्राइम) अमर सिंह जाधव ने कहा कि 371 जिंदा कारतूसों की मौजूदगी यह दर्शाती है कि यह जखीरा पूरी तरह चालू हालत में था और किसी बड़ी वारदात या सप्लाई के लिए तैयार रखा गया था।
3 लाख फॉलोअर्स और आपराधिक इतिहास की जांच
सुरेंद्र पाटिल के इंस्टाग्राम पर 3 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं, जहाँ वह अक्सर हथियारों के साथ अपने ‘डॉन’ वाले अंदाज के वीडियो पोस्ट करता था। पुलिस अब इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि क्या पाटिल इन हथियारों को स्थानीय अपराधियों को सप्लाई करता था या उनका इस्तेमाल डराने-धमकाने के लिए किया जाता था। पाटिल पर अब आर्म्स एक्ट और महाराष्ट्र पुलिस एक्ट के तहत नए मामले दर्ज किए गए हैं। ठाणे पुलिस का मानना है कि इस मामले में आगे की जांच से हथियारों की तस्करी से जुड़े कुछ और बड़े नामों का खुलासा हो सकता है।
