

Thane Navratri Festival: नवरात्रि के आगमन के साथ ही ठाणे शहर में गरबा और डांडिया की धूम शुरू होने वाली है। ठाणेकरों के बीच लोकप्रिय ‘रास-रंग ठाणे 2026’ इस वर्ष भी आयोजित किया जाएगा। 11 से 20 अक्टूबर तक ठाणे के रेमंड ग्राउंड पर लगातार दस रातों तक गरबा-दांडिया का रंगारंग आयोजन होगा।
धर्मवीर आनंद दिघे प्रतिष्ठान और क्रेडाई-एमसीएचआई ठाणे के संयुक्त तत्वावधान में होने वाले इस नवरात्रि महोत्सव का भूमिपूजन शुक्रवार को हुआ। आयोजकों के अनुसार, इस बार भी कार्यक्रम में भक्ति, संगीत, नृत्य और मनोरंजन का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
गरबा प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण ‘दांडिया किंग’ नैतिक नागडा और एन2 बैंड की प्रस्तुतियां होंगी। इसके अलावा कोशा पंड्या, नयन सोलंकी, भूमि ध्रिमाली और अक्षय कांबले जैसे गायक अपनी प्रस्तुतियों से माहौल में रंग भरेंगे। कार्यक्रम का संचालन गिरीश शर्मा और प्रतीक बारोट करेंगे।
क्रेडाई-एमसीएचआई ठाणे के अध्यक्ष सचिन मिरानी ने कहा कि ‘रास-रंग ठाणे’ अब केवल नवरात्रि का आयोजन नहीं, बल्कि ठाणे की सांस्कृतिक पहचान का हिस्सा बन चुका है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 में शुरू हुआ यह आयोजन हर साल ठाणेकरों के बीच लोकप्रिय होता गया है। इस उत्सव को उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों का मार्गदर्शन मिलता है।
नगरसेवक विकास रेपाळे ने कहा कि ‘रास-रंग ठाणे’ केवल नवरात्रि का आयोजन नहीं,बल्कि यहां भक्ति, उत्सव और समाजसेवा का बड़ा मंच है। विकास रेपाले ने कहा कि इस आयोजन के दौरान सूखा ग्रस्त किसानों की मदद भी शिवसेना के मुख्य नेता व राज्य के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के माध्यम से किए जाने का निर्णय आयोजकों ने लिया है।
क्रेडाई-एमसीएचआई ठाणे के निवर्तमान अध्यक्ष जितेंद्र मेहता ने कहा कि यह ठाणे की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने वाला वाले भव्य उत्सव है। मेहता ने कहा कि इस वर्ष भी सामाजिकता को विशेष महत्व दिया गया है। 13 अक्टूबर को शाम 5 बजे विशेष बच्चों के लिए दांडिया कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा 15 अक्टूबर को शाम 5 बजे टीएमसी स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए विशेष दांडिया कार्यक्रम होगा। वहीं संस्था के मानद सचिव फैयाज विरानी और मनिष खंडेलवाल ने भी आयोजन से जुड़ी जानकारी साझा की।
क्रेडाई-एमसीएचआई ठाणे की पुनर्विकास समिति के अध्यक्ष महेश बोरकर ने कहा कि यह आयोजन ठाणेकरों की जीवनशैली में उत्सव और सांस्कृतिक अनुभव का नया आयाम जोड़ने वाला है। नगरसेविका नम्रता भोसले ने कहा कि ‘रास-रंग ठाणे’ ठाणे के जीवंत उत्साह का सुंदर प्रदर्शन है, जो एक भव्य उत्सव में परंपरा, संगीत और सामाजिक एकता को एक साथ लाता है। क्रेडाई-एमसीएचआई ठाणे की युवा शाखा के अध्यक्ष निमित मेहता ने बताया कि इस महोत्सव में बॉलीवुड और टेलीविजन जगत की हस्तियों की मौजूदगी भी होगी। हर दिन शाम 7 बजे आरती होगी।
भूमिपूजन समारोह में युवा शाखा के मानद सहसचिव विभव बोरकर,कल्पतरु डोर्स के एमडी वी.के.पटेल,ठाणे जिला होलशेल व्यापारी महासंघ के अध्यक्ष सुरेश भाई ठक्कर, एमसीएचआई ठाणे के जीएम सुमित गुटका सहित धर्मवीर आनंद दिघे प्रतिष्ठान एवं एमसीएचआई-क्रेडाई से जुड़े पदाधिकारी उपस्थित थे।