

प्रताप सरनाईक ने ठाणे के पानखंडा में आदिवासी परिवारों के साथ दिवाली मनाई।
कार्यक्रम के दौरान आदिवासी परिवारों और जरूरतमंदों को खाद्य तथा शैक्षणिक सामग्री का वितरण किया गया।
मंत्री ने आश्वासन दिया कि संकट की इस घड़ी में सरकार किसानों को बेसहारा नहीं छोड़ेगी।
Pratap Sarnaik Diwali With Tribal Families Thane: दीपावली के पर्व पर जरूरतमंदों के जीवन में खुशियों की रोशनी फैलाने और संकट की घड़ी में उनके साथ खड़े रहने का संदेश देते हुए महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने ठाणे के पानखंडा क्षेत्र में आदिवासी परिवारों और किसानों के साथ दीपावली मनाई।
146 ओवला-माजीवाड़ा क्षेत्र के घोड़बंदर रोड स्थित पानखंडा में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में मंत्री सरनाईक अपने परिवार के साथ शामिल हुए। इस दौरान सरनाईक के साथ उनकी पत्नी परिषा सरनाईक, अनके पुत्र एवं युवा सेना के कार्याध्यक्ष पुर्वेश सरनाईक, विहंग सरनाईक उपस्थित थे।
इस अवसर पर स्थानीय आदिवासी समुदाय के लोगों ने पारंपरिक वेशभूषा और लोकनृत्य के माध्यम से अतिथियों का स्वागत किया। समारोह के दौरान आदिवासी परिवारों को दीपावली के लिए आनंदाचा शिधा (खाद्य सामग्री) और अन्य जरूरी वस्तुओं का वितरण किया गया। वहीं, बच्चों की शिक्षा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विद्यार्थियों को मुफ्त शैक्षणिक सामग्री भी प्रदान की गई।
मंत्री प्रताप सरनाईक ने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एवं एकनाथ शिंदे ने सभी मंत्रियों, सांसदों और विधायकों से अपील की थी कि राज्य में सूखे और कठिन परिस्थितियों का सामना कर रहे किसानों, आदिवासियों तथा जरूरतमंद परिवारों के बीच पहुंचकर उनके साथ त्योहार मनाएं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व केवल कार्यालयों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उन्हें आम लोगों के सुख-दुख में सहभागी बनना चाहिए।
कार्यक्रम की सबसे खास बात यह रही कि मंत्री सरनाईक एवं अनके परिवार ने केवल औपचारिक उपस्थिति दर्ज नहीं कराई, आदिवासी परिवारों के घर पहुंचे और जमीन पर बैठकर उनके साथ दिवाली के पारंपरिक पकवानों का आनंद लिया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से पेयजल की समस्या, खेती-किसानी की परेशानियों और अन्य बुनियादी समस्याओं की जानकारी ली।
मंत्री ने आश्वासन दिया कि किसानों और आदिवासी समुदाय को किसी भी परिस्थिति में बेसहारा नहीं छोड़ा जाएगा। यह पहल त्योहार मनाने के साथ-साथ जरूरतमंद परिवारों को भावनात्मक संबल देने और शासन के प्रति विश्वास मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो रही है।