अप्रैल में मेट्रो-9 को हरी झंडी के संकेत, परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने काशीगांव स्टेशन का किया निरीक्षण

Mira Bhayandar Metr: मीरा-भाईंदर में मुंबई मेट्रो लाइन-9 के काशीगांव स्टेशन का परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने निरीक्षण किया और संकेत दिया ।
मुंबई मेट्रो लाइन 9, Mumbai Metro Line 9, मीरा भाईंदर मेट्रो
Mira Bhayandar Metro (सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Mumbai Metro Line 9: मीरा-भाईंदर के लोगों का करीब 15 साल पुराना इंतजार अब खत्म होने की कगार पर है। काशीगांव मेट्रो स्टेशन के निरीक्षण के बाद राज्य के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने संकेत दिए हैं कि मेट्रो-9 सेवा अप्रैल में आम जनता के लिए शुरू की जा सकती है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि परियोजना में देरी स्वीकार्य है, लेकिन यात्रियों की सुरक्षा से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।

मंत्री सरनाईक ने शनिवार को काशीगांव मेट्रो स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने इमरजेंसी सिस्टम, कंट्रोल रूम और यात्री सुविधाओं की समीक्षा की। अधिकारियों ने उन्हें जानकारी दी कि मेट्रो परियोजना से जुड़े सभी आवश्यक तकनीकी और सुरक्षा प्रमाणपत्र प्राप्त कर लिए गए हैं।

सेवा अप्रैल महीने में शुरू

मंत्री सरनाईक ने कहा कि मेट्रो परियोजना का काम लगभग पूरी तरह तैयार है और अब केवल औपचारिक उद्घाटन बाकी है। सुरक्षा प्रमाणपत्रों की प्रक्रिया के कारण उद्घाटन में थोड़ी देरी हुई, लेकिन अब सभी बाधाएं दूर हो चुकी हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि यह सेवा अप्रैल महीने में शुरू हो जाएगी। परियोजना के तहत हर घंटे लगभग 4,500 यात्रियों के सफर की क्षमता होगी, जबकि प्रतिदिन करीब 50 हजार लोग इसका लाभ उठा सकेंगे। इससे मीरा-भाईंदर क्षेत्र में ट्रैफिक का दबाव कम होने के साथ ही प्रदूषण में भी कमी आने की उम्मीद है।

परियोजना का चरणबद्ध विकास

राज्य के बजट सत्र के समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री और दोनों उपमुख्यमंत्रियों की मौजूदगी में मेट्रो का उद्घाटन किए जाने की योजना है। मंत्री सरनाईक ने कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में उनकी प्राथमिकता नागरिकों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना है। सभी परीक्षण पूरे हो चुके हैं और जल्द ही मीरा-भाईंदर के नागरिक मेट्रो सेवा का लाभ उठा सकेंगे। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (MMRDA) ने दो चरणों में शुरू करने का निर्णय लिया था।

  • पहला चरण: दहिसर से काशीगांव - दिसंबर 2025
  • दूसरा चरण: काशीगांव से भाईंदर - दिसंबर 2026

पहले चरण का ट्रायल रन

बाद में पहले चरण की शुरुआत दिसंबर 2025 से बढ़ाकर फरवरी 2026 तय की गई थी। इसके बाद लोगों को उम्मीद थी कि मनपा के रजत जयंती समारोह (28 फरवरी 2026) के अवसर पर मेट्रो सेवा शुरू हो जाएगी, लेकिन अब इसका संभावित उद्घाटन अप्रैल 2026 में होने की संभावना जताई जा रही है। उल्लेखनीय है कि 14 मई 2025 को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पहले चरण का ट्रायल रन किया था।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com