ठाणे के किसानों के लिए राहत, अब मोबाइल से ही होगी खाद की बुकिंग, 15 अगस्त से शुरू होगी डिजिटल सुविधा

Fertilizer Booking Thane: ठाणे के किसानों के लिए 15 अगस्त से ऑनलाइन खाद बुकिंग की सुविधा शुरू हो रही है। Framework for Fertilizer Sale से घर बैठे खाद की उपलब्धता जांचकर आसानी से बुकिंग की जा सकेगी।
mobile fertilizer booking system launched in thane district
मोबाइल का उपयोग करता किसान(सोर्स: फोटोबाजार)
Updated on

Mobile Fertilizer Booking System: ठाणे जिले के किसानों के लिए खाद खरीद अब आसान होगी। जिला परिषद ठाणे ने केंद्र सरकार की Framework for Fertilizer Sale ऑनलाइन खाद बिक्री प्रणाली को 15 अगस्त से लागू करने का निर्णय लिया है। इससे किसानों को घर बैठे मोबाइल पर खाद की उपलब्धता जांचकर ऑनलाइन बुकिंग करने की सुविधा मिलेगी।

कृषि विकास अधिकारी मुनीर बाचोटीकर ने बताया कि इस प्रणाली से खाद खरीद और वितरण प्रक्रिया अधिक सुलभ, पारदर्शक और योजनाबद्ध होगी। किसानों को बार-बार कृषि सेवा केंद्र के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

ऐसे काम करेगी नई प्रणाली

इस ऐप पर किसान आधार नंबर या Farmer ID से रजिस्ट्रेशन कर सकेंगे। रजिस्ट्रेशन के बाद जमीन की जानकारी,जिला-तालुका-गांव और सर्वे नंबर भरना होगा। फिर सीजन और फसल चुनने पर सरकार की GFR के अनुसार अनुशंसित खाद की सूची और मात्रा दिखेगी।

किसान आवश्यक खाद की बैग संख्या चुनकर नजदीकी विक्रेता की लिस्ट में से सही विक्रेता का चयन कर सकेंगे। बुकिंग पूरी होने पर QR Code और Token Number मिलेगा। इसे विक्रेता के पास दिखाने पर QR स्कैन कर खाद दिया जाएगा।

ठाणे जिले की स्थिति

ठाणे जिले में करीब 1 लाख 38 हजार 862 किसान हैं और खरीफ सीजन में लगभग 59,831 हेक्टेयर क्षेत्र में बुआई होती है। अभी तक 85% बुआई पूरी हो चुकी है। जिले में वर्तमान में 1,611 मीट्रिक टन खाद का स्टॉक उपलब्ध है। सालाना 10 से 11 हजार मीट्रिक टन खाद की जरूरत होती है। यूरिया की मांग ज्यादा होने से उसका पर्याप्त स्टॉक रखने की योजना है।

इन जिलों में सुविधा

छत्रपति संभाजीनगर और कोल्हापुर में सफल प्रयोग के बाद अब ठाणे के साथ पालघर, नाशिक, रायगड, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, अहिल्यानगर, लातूर, वाशिम और गडचिरोली में भी यह सुविधा शुरू हो रही है।

mobile fertilizer booking system launched in thane district
10 महीने में 1 करोड़ टिकट! मुंबई वन ऐप ने रचा इतिहास, एक ही प्लेटफॉर्म पर 11 ट्रांसपोर्ट सर्विस

प्रशिक्षण और जागरूकता

प्रणाली को प्रभावी बनाने के लिए जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर द्वारा अधिकारियों, कर्मचारियों और कृषि विक्रेताओं का प्रशिक्षण चल रहा है। किसानों को QR Code आधारित नई प्रक्रिया समझाई जा रही है। कृषि विभाग द्वारा व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है।-खाद खरीद के लिए आधार प्रमाणीकरण जरूरी।

जमीन की जानकारी अपडेट होना चाहिए। बुकिंग के बाद मिला QR Code सुरक्षित रखें। खाद केवल पंजीकृत विक्रेता से ही लें। कोई दिक्कत होने पर तहसील कृषि अधिकारी या पंचायत समिति के कृषि अधिकारी से संपर्क करें। कृषि विभाग ने जिले के किसानों से 15 अगस्त से शुरू हो रही इस डिजिटल सुविधा का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की है।

Navbharat Live
navbharatlive.com