Thane: प्रतिष्ठा की लड़ाई में भाजपा विजयी, मीरा-भाईंदर की सत्ता पूरी तरह भाजपा के हाथ

Maharashtra Local Body Elections: मीरा-भाईंदर मनपा चुनाव 2026 में भाजपा ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की। नरेंद्र मेहता के नेतृत्व में पार्टी को पूर्ण जनादेश मिला और शिवसेना को करारी हार झेलनी पड़ी।
Mira-Bhayandar Municipal Corporation
मीरा-भाईंदर महानगरपालिका (फोटो नवभारत)
Updated on

Mira Bhayandar News In Hindi: मुंबई से सटे मीरा-भाईंदर के महानगरपालिका चुनाव के नतीजों ने महाराष्ट्र की शहरी राजनीति में बड़ा संदेश दे दिया है।

जिस चुनाव को भाजपा और शिवसेना के बीच सीधी और कांटे की टक्कर माना जा रहा था, वहां मतदाताओं ने स्पष्ट जनादेश देते हुए भाजपा को ऐतिहासिक जीत दिला दी है।

नतीजों के साथ ही यह साफ हो गया कि मीरा-भाईंदर में सत्ता की चाबी अब पूरी तरह भाजपा के हाथों में है। इस बार के मनपा चुनाव में भाजपा और शिवसेना के बीच युति न होने से मुकाबला बेहद रोचक माना जा रहा था।

दोनों दलों ने अपनी-अपनी ताकत झोंक दी। भाजपा ने 70 पार' का आक्रामक लक्ष्य रखा, जबकि शिवसेना '50 पार' के नारे के साथ मैदान में उतरी। हालांकि, मतगणना के हर दौर के साथ तस्वीर साफ होती चली गई।

जनादेश के मायने

  • भाजपा को इस चुनाव में पूर्ण जनादेश प्राप्त हुआ है। यह जनादेश 1 भाजपा विधायक नरेंद्र मेहता द्वारा शहर के विकास और प्रगतिशील मीरा-भाईंदर शहर के निर्माण के संकल्प को देखते हुए ही मिला है।
  • उन्होंने आधार ढांचे के तहत शहर में 100 से अधिक कंक्रीट सड़कों का निर्माण, मीरा-भाईंदर शहर का व्यापक सौंदर्यीकरण, पूर्व-पश्चिम मीरा-भाईंदर फ्लाईओवर का निर्माण करना।

ठाकुर मॉल से दिल्ली दरबार होटल रोड, जेसल पार्क-घोड़बंदर रोड, भाईंदर-मीरा रोड, उत्तन-चारकोप मार्ग का निर्माण करना, आधुनिक पार्किंग स्थल और यातायात संकेत प्रणाली अंतर्गत सुरक्षा के लिए कैमरा निगरानी टावर, स्वास्थ्य सेवाओं में बड़े विस्तार के लिए मौजूदा सिविल अस्पताल का उन्नयन, 300 बिस्तरों वाला नया आधुनिक अस्पताल जैसे कई वादे किए है।

शहर को बनाएंगे प्रगतिशील

शहर की जनता और भाजपा के कार्यकताओं का अभिनंदन करता हूं। जनता ने फिर एक बार विकास का साथ दिया। हम विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़े, वहीं दूसरों ने इधर-उधर की बातें की, फिर भी हमारे कार्यकर्ता गुमराह नहीं हुए, शहर की जनता को विश्वास दिलाते है कि हम शहर को प्रगतिशील बनाएंगे। - नरेंद्र मेहता, विधायक, भाजपा

प्रतिष्ठा की लड़ाई में भाजपा विजयी

मीरा-भाईंदर का यह चुनाव केवल दलों का नहीं, बल्कि दो दिग्गज नेताओं की साख की लड़ाई बन चुका था। भाजपा विधायक नरेंद्र मेहता और शिवसेना के कद्दावर नेता एवं राज्य के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक के बीच यह टक्कर स्थानीय राजनीति का केंद्र बिंदु बन गई थी, लेकिन जनता के फैसले ने यह साफ कर दिया कि मंत्री पद और सत्ता का रुतबा भी इस बार काम नहीं आया, भाजपा के संगठित चुनाव प्रबंधन और नरेंद्र मेहता की जमीनी पकड़ ने शिवसेना की रणनीति को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।

मेहता की पसंद का होगा मेयर मेयर पद के लिए आरक्षण की चिट्ठी अभी नहीं निकाली गई है, लेकिन यह तो तय हो गया है कि महापौर भाजपा का ही बनेगा और विधायक मेहता की ही पसंद का होगा।

मीरा भाईंदर से नवभारत लाइव के लिए विनोद मिश्रा की रिपोर्ट

Navbharat Live
navbharatlive.com