Thane News: मीरा-भाईंदर में महापौर पद पर भाजपा की जीत तय, फिर भी विपक्ष ने ठोकी ताल

Shahar Vikas Aghadi: मीरा-भाईंदर महानगरपालिका में महापौर पद पर भाजपा की जीत तय मानी जा रही है, लेकिन इसके बावजूद कांग्रेस और शिवसेना (शिंदे) ने विपक्षी प्रत्याशी उतारकर मुकाबले को राजनीतिक चुनौती बना।
Mira Bhayandar mayor election
BJP mayor win (सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Mira Bhayandar Mayor Election: मीरा-भाईंदर महानगरपालिका में महापौर और उपमहापौर पद के लिए शुक्रवार को नगर सचिव दिनेश कानगुड़े के समक्ष नामांकन प्रक्रिया पूरी की गई। भाजपा की ओर से पूर्व महापौर डिंपल मेहता ने महापौर पद के लिए, जबकि ध्रुवकिशोर पाटील ने उपमहापौर पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया।

वहीं, कांग्रेस और शिवसेना (शिंदे गुट) द्वारा गठित शहर विकास आघाड़ी की ओर से महापौर पद के लिए कांग्रेस की रुबीना शेख और उपमहापौर पद के लिए शिवसेना (शिंदे) की वंदना पाटील ने नामांकन भरकर मुकाबले में उतरने का निर्णय लिया है।

भाजपा का कुल संख्याबल 79

गौरतलब है कि मीरा-भाईंदर महानगरपालिका के 24 प्रभागों की कुल 95 सीटों के लिए 15 जनवरी को चुनाव हुए थे, जिनके नतीजे 16 जनवरी को घोषित किए गए। चुनाव परिणामों में भाजपा ने प्रचंड बहुमत हासिल करते हुए 78 सीटों पर जीत दर्ज की। बाद में एक निर्दलीय पार्षद के समर्थन से भाजपा का कुल संख्याबल 79 हो गया।

दूसरी ओर, कांग्रेस के 13 और शिवसेना (शिंदे गुट) के 3 पार्षदों ने मिलकर शहर विकास आघाड़ी का गठन किया, जिनका कुल संख्याबल 16 है। संख्याबल के लिहाज से भाजपा की डिंपल मेहता का महापौर और ध्रुवकिशोर पाटील का उपमहापौर बनना लगभग तय माना जा रहा है।

नामों की आधिकारिक घोषणा

इसके बावजूद कांग्रेस और शिवसेना (शिंदे गुट) द्वारा प्रत्याशी उतारना इस बात का संकेत है कि संख्याबल में कमजोर होने के बावजूद विपक्ष ने महानगरपालिका में भाजपा को हर मोर्चे पर चुनौती देने का मन बना लिया है। महापौर और उपमहापौर पद के लिए 3 फरवरी को पीठासीन अधिकारी की उपस्थिति में औपचारिक चुनाव प्रक्रिया पूरी की जाएगी, जिसके बाद नामों की आधिकारिक घोषणा की जाएगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com