Thane Metro 4A Green Line Service 2026: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के होम टाउन ठाणे में बहुप्रतिक्षित वडाला से कासारवडवली मेट्रो रूट 4 व 4ए (ग्रीन लाइन) को जल्द ही यात्रियों के लिए शुरू किया जा सकता है। इसके तहत पहले चरण में गायमुख से कैडबरी जंक्शन तक के 10.5 किलोमीटर लंबे रूट पर नवंबर 2026 तक मेट्रो सेवा शुरू होने की संभावना है। इस मार्ग पर सीएमआरएस द्वारा सुरक्षा जांच और निरीक्षण का काम शुरू हो चुका है। मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण ने मेट्रो डिपो के तैयार होने का इंतजार किए बिना मेट्रो सेवा जल्द शुरू करने के लिए एक नई कार्यप्रणाली अपनाई है।
मुंबई मेट्रो लाइन 4 (वडाला-ठाणे-कासारवडवली) और मेट्रो लाइन 4ए (कासारवडवली-गायमुख) 35.2 किमी लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर है। इसके शुरू होने से मुंबई और ठाणे के यात्रियों को ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी, लोकल ट्रेनों की भीड़ से नहीं गुजरना पड़ेगा और समय की भी बचत होगी। ठाणे महानगरपालिका चुनाव के पहले पिछले वर्ष सितंबर महीने में मुख्यमंत्री फडणवीस की मौजूदगी में ठाणे में मेट्रो रूट-4 व 4A के प्रथम चरण, गायमुख से विजय गार्डन स्टेशन तक मेट्रो का तकनीकी निरीक्षण और ट्रायल रन शुरू किया गया था। उस समय दावा किया गया था कि वर्ष 2026 के शुरुआत में गायमुख ते कैडबरी जंक्शन तक मेट्रो शुरू हो जाएगी। लेकिन अभी तक स्टेशनों का निर्माण कार्य भी नहीं पूरा हो पाया है।
कारशेड के निर्माण का कार्य पूरा होने में अभी भी बहुत अधिक समय लग सकता है। इसी तरह ठाणे-भिवंडी-कल्याण मेट्रो 5 का काम भी लटका हुआ है।
मिली जानकारी के मुताबिक मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण ने मेट्रो कार शेड डिपो के तैयार होने का इंतजार किए बिना मेट्रो सेवा जल्द शुरू करने के लिए एक नई कार्यप्रणाली अपनाई है।
इसके तहत तैयार की गई पिट लाइन का इस्तेमाल मेट्रो ट्रेनों की जरूरी जांच, रखरखाव और ट्रेनों को खड़ा करने के लिए किया जाएगा। पूरी क्षमता वाला मेट्रो डिपो तैयार होने के साथ-साथ उपलब्ध बुनियादी ढांचे का प्रभावी इस्तेमाल करते हुए तैयार मेट्रो मार्गों को जल्द से जल्द यात्री सेवा में लाने का प्रयास किया जा रहा है। मेट्रो रेल सुरक्षा आयुक्त की तरफ से एक और महत्त्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
इन रूट्स के लिए तैयार की गई पिट लाइन सुविधा का निरीक्षण शुरू कर दिया गया है। पिट लाइन पर ट्रेन के कोचों की मरम्मत और रख-रखाव के साथ-साथ तकनीकी परफॉर्मेंस की जांच की जाती है।
पिट लाइन के सीएमआरएस निरीक्षण की शुरुआत के साथ ही मेट्रो लाइन 4 और 4ए ठाणेकरों की सेवा में शामिल होने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पड़ाव पार कर चुकी हैं।
ट्रेन के नीचे के हिस्से की जांच करना
ट्रेन खराब होने पर उसे उठाए बिना उसकी मरम्मत करना।
ट्रेन के नीचे और ऊपर के हिस्से को साफ रखना।
राउंड ट्रिप पर जाने से पहले ट्रेन की सुरक्षा पक्का करना।