

कल्याण पूर्व के कई इलाकों में घरों के नलों से जिंदा कीड़े मिले।
स्थानीय लोगों के अनुसार दूषित पानी की यह समस्या पिछले पंद्रह दिनों से है।
KDMC अधिकारियों ने इस गंभीर समस्या के पीछे पाइपलाइन में लीकेज की आशंका जताई है।
Kalyan Water Contamination: महाराष्ट्र के कल्याण में पीने के पानी की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। कल्याण पूर्व के नेतिवली टेकड़ी के पास महात्मा फुले नगर, राम नगर और आसपास की बस्तियों में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब घरों के नलों से आने वाले पानी में जिंदा कीड़े दिखाई दिए।
लोगों ने जब पानी के बर्तनों में कीड़े तैरते देखे तो इसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करने शुरू कर दिए। स्थानीय निवासियों का दावा है कि इस समस्या से करीब 2,000 से 3,000 लोग प्रभावित हो सकते हैं। दूषित पानी की वजह से बच्चों, बुजुर्गों और अन्य लोगों की सेहत को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।
स्थानीय निवासियों के मुताबिक, रविवार सुबह जब उन्होंने रोजाना की तरह नल से पानी भरना शुरू किया तो पानी गंदा दिखाई दिया। कुछ लोगों ने पानी में जिंदा कीड़े भी देखे। इसके बाद आसपास के घरों में जानकारी दी गई तो पता चला कि कई अन्य परिवारों के यहां भी इसी तरह का पानी पहुंच रहा है। स्थानीय निवासी भाग्यश्री वाघमारे ने बताया कि सुबह नल खोलने पर गंदे पानी में कीड़े दिखाई दिए। यह देखकर परिवार के लोग डर गए। उन्होंने दूसरे निवासियों को इसकी जानकारी दी तो पता चला कि समस्या केवल उनके घर तक सीमित नहीं है।
इस घटना के फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया। स्थानीय लोगों का कहना है कि गंदे पानी की समस्या पिछले 15 से 20 दिनों से बनी हुई है। अब पानी में कीड़े दिखाई देने के बाद उनकी चिंता और बढ़ गई है। कई परिवारों को पीने के लिए 50 से 100 रुपये तक खर्च करके पानी के कैन खरीदने पड़ रहे हैं। इससे पहले से परेशान लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी बढ़ गया है।
स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता और निवासी मनोज वाघमारे ने आरोप लगाया कि उन्होंने कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका के जलापूर्ति विभाग से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन अधिकारियों की ओर से फोन का जवाब नहीं मिला। उनका कहना है कि सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद ही प्रशासन हरकत में आया। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि प्रभावित इलाके का दौरा करने कोई नगरसेवक नहीं पहुंचा।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल पानी की गुणवत्ता की जांच कराने, दूषित पानी की सप्लाई रोकने और नियमित स्वच्छ पानी उपलब्ध कराने की मांग की है।
मामले पर KDMC के जलापूर्ति विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शुरुआती तौर पर पाइपलाइन में लीकेज होने की आशंका है। संभव है कि पाइपलाइन में रिसाव के कारण सीवेज या अन्य दूषित पदार्थ पेयजल आपूर्ति में मिल गए हों। अधिकारी के मुताबिक, प्रशासन प्रभावित पाइपलाइन का पता लगाने में जुटा है। लीकेज का स्थान निश्चित होने के बाद संबंधित पाइपलाइन को बदलने की कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, पानी में कीड़े मिलने का वास्तविक कारण अभी जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
इस घटना ने एक बार फिर कल्याण-डोंबिवली में पेयजल आपूर्ति की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दूषित पानी के सेवन से डायरिया, उल्टी और पेट से जुड़ी बीमारियों का खतरा हो सकता है। ऐसे में स्थानीय निवासियों की मांग है कि KDMC केवल पाइपलाइन की मरम्मत तक सीमित न रहे, बल्कि प्रभावित इलाकों से पानी के नमूने लेकर उनकी प्रयोगशाला में जांच भी कराए।
फिलहाल प्रभावित परिवारों को सलाह है कि जब तक पानी की गुणवत्ता की पुष्टि नहीं हो जाती, तब तक नल के संदिग्ध पानी का इस्तेमाल पीने और खाना बनाने के लिए न करें। सुरक्षित वैकल्पिक पेयजल का उपयोग करें। अब देखना होगा कि KDMC कब तक दूषित पानी की समस्या का स्थायी समाधान निकाल पाती है और प्रभावित परिवारों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करा पाती है।