

नगरसेवक रमेश म्हात्रे उल्हासनगर सिविल अस्पताल में भर्ती, VIP व्यवस्था पर उठे सवाल।
भर्ती से 15 दिन पहले विशेष बंदी कक्ष की कराई गई थी सफाई।
डॉक्टरों से मारपीट मामले में जेल में बंद म्हात्रे पहले ठाणे सिविल अस्पताल में भी रहे भर्ती।
Ramesh Mhatre Ulhasnagar Civil Hospital VIP Treatment: अस्पताल में एक बंद पड़ा विशेष कक्ष, अचानक शुरू हुई उसकी साफ-सफाई और ठीक पखवाड़े भर बाद उसी कमरे में एक रसूखदार कैदी की 'वीआईपी' एंट्री यह महज इत्तेफाक है या पहले से लिखी गई कोई पटकथा?
आधारवाड़ी जेल की सलाखों से निकलकर नगरसेवक रमेश म्हात्रे का उल्हासनगर सिविल अस्पताल के आरामदायक कक्ष में पहुंचना कई तीखे सवाल खड़े कर रहा है। डॉक्टरों से मारपीट के मामले में न्यायिक हिरासत काट रहे म्हात्रे को 'अत्यधिक खांसी' के चलते भर्ती कराए जाने की चर्चा है, लेकिन अस्पताल प्रशासन की रहस्यमयी चुप्पी पूरे मामले को और संदिग्ध बना रही है।
विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, लगभग 15 दिन पहले उल्हासनगर के एक स्थानीय जनप्रतिनिधि के निजी सहायक ने सिविल अस्पताल के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर विशेष बंदी कक्ष को तत्काल तैयार करने का आग्रह किया था।
इसके तुरंत बाद परिसर में लंबे समय से बंद पड़े एक कमरे की आनन-फानन में सफाई कर जाले और गंदगी हटाई गई, ताकि उसे एक बंदी मरीज के ठहरने लायक बनाया जा सके। हैरानी की बात यह है कि उस वक्त अस्पताल के डॉक्टरों, नर्सों और अन्य कर्मचारियों को भी भनक नहीं थी कि यह विशेष वीआईपी व्यवस्था आखिर किस 'खास' बंदी के लिए की जा रही है।
कक्ष तैयार होने के कुछ ही दिनों बाद, तीन-चार दिन पहले भारी पुलिस सुरक्षा के बीच नगरसेवक म्हात्रे को यहां भर्ती कराया गया। उनके अस्पताल पहुंचते ही प्रबंधन के आला अधिकारियों की चिंता बढ़ गई। सूत्रों के मुताबिक, म्हात्रे को तेज खांसी के साथ एक ही किडनी होने और हाई ब्लड प्रेशर जैसी स्वास्थ्य समस्याएं हैं। हालांकि, कुछ डॉक्टरों का दबी जुबान में मानना है कि खांसी का इलाज आधारवाड़ी जेल के अस्पताल में भी आसानी से संभव था।
म्हात्रे की भर्ती के बाद से अस्पताल प्रबंधन के वरिष्ठ अधिकारी मीडिया के सवालों से बच रहे है। संपर्क करने पर जिला शल्य चिकित्सक डॉ. मनोहर बनसोडे ने पहले खुद के गांव में होने की बात कही, लेकिन इसके बाद न तो फोन उठाया और न ही संदेशों का जवाब दिया।
वहीं, प्रभारी जिला शल्य चिकित्सक डॉ. दिलीप खैरनार ने भी बात करने में असमर्थता जताते हुए महज एक संदेश भेजकर पल्ला झाड़ लिया। प्रशासन ने अब तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि उन्हें किस गंभीर बीमारी के कारण भर्ती किया गया है।
अब बड़ा सवाल यह है कि विशेष बंदी कक्ष की सफाई 15 दिन पहले किसके निर्देश पर कराई गई थी? क्या प्रशासन को पहले से किसी खास चंदी के आने की सूचना थी? और यदि खांसी ही भर्ती का कारण है, तो क्या इसका इलाज जेल के अस्पताल में संभव नहीं था? फिलहाल, इन तमाम सवालों के जवाब अस्पताल प्रशासन की चुप्पी में कैद हैं।
डॉक्टरों से मारपीट के मामले में जेल भेजे गए म्हात्रे पहले भी लंबे समय तक ठाणे शहर सिविल अस्पताल में भर्ती रहने को लेकर सुर्खियों में रहे है। उस समय चॉम्बे हाईकोर्ट ने इस मामले पर बेहद सख्त रुख अपनाते हुए कड़ी फटकार लगाई थी।
अब उल्हासनगर सिविल अस्पताल में उनकी रहस्यमय भर्ती ने इस विवाद को फिर से हवा दे दी है। राजनीतिक गलियारों में आरोप लग रहे हैं कि उन्हें पिछले पांच महीनों से जेल की बैरक से दूर रखने के लिए लगातार प्रयास हो रहे हैं। हालांकि, इन आरोपों और भर्ती के वास्तविक कारणों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है।