नवी मुंबई क्लस्टर पुनर्विकास पर सियासी घमासान, शिवसेना की सिडको को अधिकार देने की मांग; फडणवीस तक पहुंचा मामला

Navi Mumbai Cluster Redevelopment Dispute: नवी मुंबई क्लस्टर पुनर्विकास योजना पर शिवसेना और गणेश नाईक में टकराव। मामला मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के पास पहुंचा।
Shiv Sena and Ganesh Naik at loggerheads over the cluster redevelopment scheme in Navi Mumbai
नवी मुंबई क्लस्टर पुनर्विकास, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीससोर्स- सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • नवी मुंबई में क्लस्टर पुनर्विकास योजना पर शिवसेना और गणेश नाईक आमने-सामने।

  • विवाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस तक पहुंचा, सिडको को पुनर्विकास अधिकार देने की मांग।

  • विधायक मंदा म्हात्रे ने क्लस्टर योजना का समर्थन किया।

Devendra Fadnavis Navi Mumbai Cluster Issue: नवी मुंबई में क्लस्टर योजना के तहत इमारतों के पुनर्विकास का प्रकरण दिन प्रति दिन उलझता ही जा रहा है। शिवसेना द्वारा सिडको द्वारा बनाई गई इमारतों के पुनर्विकास के अधिकार सिडको को देने की मांग करने के बाद नवी मुंबई की राजनीति गरमा गई है। एक बार फिर शिवसेना और वन मंत्री गणेश नाईक के बीच टकराव की स्थिति पैदा हो गई है।

इस मसले को लेकर शिवसेना और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता तथा वन मंत्री गणेश नाईक के बीच विवाद गहराता ही जा रहा है। इसलिए इस प्रकरण को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के दरबार में ले जाया गया है।

नवी मुंबई शिवसेना के जिला प्रमुख किशोर पाटकर का कहना है कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस एक विकासोमुख नेतृत्व हैं इसलिए वे न्याय के पक्ष में ही खड़े रहेंगे। जबकि वन मंत्री गणेश नाईक का कहना है कि यदि किसी व्यक्ति को मनपा में पारित किया गया प्रस्ताव अमान्य है तो वह अदालत का दरवाजा खटखटा सकता है।

5 साल पहले तैयार की गई थी क्लस्टर पुनर्विकास योजना

शिवसेना जिला प्रमुख पाटकर का कहना है कि क्लस्टर पुनर्विकास योजना सरकार द्वारा पांच साल पहले लाई गई थी। यदि इस योजना पर आपत्तियां थीं, तो उसी समय सुझाव और आपत्तियां दर्ज कराना अपेक्षित था। उस समय आम सभा में भी अपनी भूमिका रखने का अवसर था। उस समय विरोध न करके अब योजना के लागू होने के बाद विरोध किया जा रहा है।

पाटककर ने आलोचना करते हुए कहा है कि यह विरोध विकास के मुद्दों की बजाय व्यक्तिगत अहंकार के कारण हो रहा है। उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसा नहीं लगता कि मुख्यमंत्री या उपमुख्यमंत्री अपने द्वारा लाई गई विकास योजनाओं पर खुद से रोक लगाएंगे। संबंधित लोगों को योजना के बारे में आपत्ति जताने का अधिकार होगा और यदि उनका पक्ष सही होगा, तो उसी के अनुसार निर्णय होगा। हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार मुख्यमंत्री के पास शिकायत की धमकी देकर उन पर दबाव बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

Shiv Sena and Ganesh Naik at loggerheads over the cluster redevelopment scheme in Navi Mumbai
सातारा में अडानी के 1,500 मेगावाट तराली प्रोजेक्ट पर लगी रोक, महाराष्ट्र वन विभाग ने तीन दिन में मांगा जवाब

विधायक मंदा म्हात्रे ने किया है समर्थन

क्लस्टर पुनर्विकास योजना के क्रियान्वयन को लेकर चल रहे विवाद में अब पुरानी राजनीतिक घटनाओं का भी तड़का लग गया है। मुख्यमंत्री की विकासोमुख भूमिका का समर्थन करते हुए पाटकर ने क्लस्टर का विरोध करने वालों की भूमिका पर सवालिया निशान उठाया है और आने वाले दिनों में नवी मुंबई की राजनीति गरमाने के संकेत नजर आ रहे हैं।

हालांकि बेलापुर की विधायक मंदा म्हात्रे ने भी क्लस्टर योजना से किए जाने वाले इमारतों के पुनर्विकास का समर्थन किया है। मंदा म्हात्रे का कहना है कि विकास कार्यों को लेकर राजनीति नहीं की जानी चाहिए। वे भी नाईक के प्रति तीखी नाराजगी व्यक्त कर चुकी है।

Shiv Sena and Ganesh Naik at loggerheads over the cluster redevelopment scheme in Navi Mumbai
ठाणे के मुंब्रा में मिठाई खाने से 1 की मौत, 4 बीमार, अफलातून मिठाई की दुकान बंद, FDA ने शुरू की जांच

विधानसभा चुनाव में दिया था भाजपा का साथ

इस विवाद के बहाने पाटकर ने विधानसभा चुनाव के समय की भाजपा की राजनीतिक घटनाओं की भी याद दिलाई, नवी मुंबई भाजपा के तत्कालीन जिलाध्यक्ष संदीप नाईक के नेतृत्व में काम करने वाले कई नगरसेवकों ने बेलापुर विधानसभा क्षेत्र से मंदा म्हात्रे की उम्मीदवारी घोषित होने के बाद भाजपा का साथ छोड़ दिया था। खास बात यह है कि उसके ठीक दस दिन पहले इन्हीं नेताओं ने भाजपा के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नड्डा, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण का स्वागत किया था।

उस समय मुख्यमंत्री भी उपस्थित थे। उस दौर में वे भाजपा के साथ मजबूती से खड़े रहे थे। उपमुख्यमंत्री एकनाथ श्रीकांत शिंदे के निर्देशानुसार उन्होंने मंदा म्हात्रे के चुनाव प्रचार के लिए दिन-रात काम किया। इस काम की जानकारी तत्कालीन चुनाव प्रभारी प्रसाद लाड को भी है। इसलिए पाटकर ने एक अप्रत्यक्ष संदेश दिया है कि भाजपा के वरिष्ठ नेताओं को भी विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी के साथ वास्तव में क्या हुआ था, यह याद रखना चाहिए।