Eknath Shinde Thane World Photography Day: राज्य के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने नगरसेवकों को नसीहत देते हुए कहा कि चुनाव जीतने के बाद कुछ नगरसेवकों को लगता है कि सातबारा (जमीन का मालिकाना हक) उनके नाम पर हो गया है। लेकिन याद रखें, यह सातबारा आपके नाम पर नहीं, बल्कि जनता के नाम पर होता है। जनता हमें अपने प्रतिनिधि के रूप में चुनती है। इसलिए जनता की सेवा, उनकी समस्याओं को सुलझाने और शहर के विकास के लिए काम करना हमारी जिम्मेदारी है। .
उप मुख्यमंत्री शिंदे सोमवार को ठाणे महानगरपालिका एवं ठाणे शहर दैनिक पत्रकार संघ की तरफ़ से विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर मनपा मुख्यालय में लगाई गई तीन दिवसीय भव्य फोटो प्रदर्शनी का उद्घाटन करने के बाद संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि महानगरपालिका का काम केवल गटर, मीटर और पानी की आपूर्ति तक ही सीमित नहीं है।
मनपा शहर में कई तरह के विकास के काम, परियोजना और कल्याणकारी योजनाओं को लागू करने का काम करती है, हमने फोटो प्रदर्शनी देखीं यह प्रदर्शनी बहुत सुंदर है। इस प्रदर्शनी से मुझे एक बात स्पष्ट तौर पर समझ आई कि एक फोटो हजार शब्द बोलती है। फोटोग्राफर जिंदगी के खुशी के पलों को कैद करते हैं। दुख के पलों को कैद करते हैं। शिंदे ने कहा कि फोटोग्राफर संकट के क्षणों को कैमरे में उतारता है और समाज के सामने सच्चाई रखता है। शिंदे ने कहा कि हमने कोविड काल की कुछ तस्वीरे देखीं।
उस समय अपनी जान जोखिम में डालकर पत्रकारों और फोटोग्राफरों ने काम किया, उनके योगदान को हम कभी नहीं भूल सकते। मुंबई पर हुए आतंकी हमले के दौरान भी फोटोग्राफरों ने अपनी जान की परवाह किए बिना काम किया। कसाब की तस्वीर की वजह से ही उसकी पहचान करने में मदद मिली थी। सिंघानिया अस्पताल का मामला हो या ठाणे के विभिन्न कठिन अवसर, भीड़ की हिंसा के दौरान भी इन फोटोग्राफरों ने साहसपूर्वक घटनाओं को अपने कैमरों में कैद किया है।
इस अवसर पर सांसद नरेश म्हस्के, महापौर शर्मिला पिपलोलकर, सभागृह नेता हनमंत जगदाले, विपक्ष के नेता अशरफ शानू पठान, अतिरिक्त आयुक्त प्रशांत रोडे, शिवसेना गुट नेता पवन कदम, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के गुट नेता नजीब मुल्ला, भाजपा नगरसेवक संजय वाघुले, उपायुक्त डॉ. मिताली संचेती, शिक्षा अधिकारी शेषराव बड़े, ठाणे शहर दैनिक पत्रकार संघ के अध्यक्ष दिलीप शिंदे सहित पत्रकार संघ के अन्य पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद थे। उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि ठाणे शहर का विकास तेजी से हो रहा है।
ठाणे शहर के पुराने और नए रूप को तस्वीरों के जरिए लोगों तक पहुंचाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि पहले की संकरी सड़कें और अब नई चौड़ी सड़कें, बदली हुई परिवहन व्यवस्था, शहर में बढ़ती सुविधाएं, साथ ही ठाणे के विकास का सफर तस्वीरों के जरिए दिखाया जा सकता है। उप मुख्यमंत्री ने यह भी सुझाव दिया कि अगले साल होने वाली फोटो प्रदर्शनी 'ठाणे बदल रहा है' विषय पर आयोजित की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि अगर पुराने ठाणे से मॉडर्न और डेवलप ठाणे तक के सफर को तस्वीरों के जरिए लोगों तक पहुंचाया जाए, तो यह एक हिस्टोरिकल डॉक्यूमेंट बन जाएगा।