एक ही दुकान से शोरमा खाकर 59 लोग अस्पताल में भर्ती, भिवंडी में फूड पॉइजनिंग का तांडव; इलाके में मची खलबली
Bhiwandi Food Poisoning Case: महाराष्ट्र के भिवंडी में एक ही दुकान का दूषित शोरमा खाने से मचा हड़कंप! फूड पॉइजनिंग के कारण अब तक 59 लोग बीमार होकर आईजीएम अस्पताल में भर्ती। पढ़ें पूरी खबर।
- Written By: गोरक्ष पोफली
शोरमा खाकर फूड पॉयजनिंग प्रतिकात्मक फोटो (सोर्स: एआई फोटो)
Food Poisoning Case 59 Admitted: महाराष्ट्र के भिवंडी इलाके में एक मशहूर शोरमा विक्रेता का खाना दर्जनों लोगों के लिए जानलेवा साबित होते-होते बचा। दूषित शोरमा खाने से एक साथ 59 लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए हैं, जिसके बाद पूरे शहर में हड़कंप मच गया है। इस गंभीर घटना के बाद अन्न व औषधि प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित विक्रेता पर बड़ी कार्रवाई की है।
भिवंडी के आईजीएम अस्पताल की चीफ मेडिकल ऑफिसर माधुरी पनहारे के अनुसार, मरीजों के आने का सिलसिला कल शाम 5:30 बजे से ही शुरू हो गया था। शुरुआत में केवल 11 मरीज आए थे, लेकिन सुबह तक यह संख्या 37 और अब 59 तक पहुँच गई है। इनमें से 50 मरीजों को मेल और फीमेल वार्ड में रखा गया है, जबकि 9 मरीजों का इलाज कैजुअल्टी विभाग में चल रहा है। सभी पीड़ितों ने बताया कि उन्होंने एक ही दुकान से शोरमा खाया था, जिसके बाद उन्हें पेट में तेज दर्द, लगातार उल्टी और लूज मोशन की शिकायतें होने लगीं।
FDA की आधी रात को छापेमारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए अन्न व औषधि प्रशासन की टीम ने रात में ही शोरमा की दुकान पर धावा बोल दिया। अधिकारियों ने दुकान से खाद्य पदार्थों और मसालों के नमूने जब्त कर उन्हें जांच के लिए लैब भेज दिया है। जांच इस बात पर केंद्रित है कि आखिर शोरमा में मिलाई गई कौन सी चीज ‘जहर’ बन गई।
सम्बंधित ख़बरें
ऑपरेशन टाइगर का फाइनल काउंटडाउन! आज महाराष्ट्र की राजनीति में होगा बड़ा धमाका? 6 बागी सांसद लेंगे ये फैसला
ठाणे में स्कूल बस चालकों पर सख्ती, शराब पीकर वाहन चलाने वाले ड्राइवर पर केस दर्ज
गड़चिरोली नप उपचुनाव में 75% मतदान, कांग्रेस-भाजपा में कांटे की टक्कर
चंद्रपुर मनपा में बड़ा खुलासा, नाला सफाई ठेका रद्द, फर्जी दस्तावेजों की पुष्टि
उपचार और स्वास्थ्य विभाग की नजर
अस्पताल प्रशासन ने बताया कि फूड पॉइजनिंग के सभी मरीजों को सलाइन, एंटीबायोटिक और आवश्यक इंजेक्शन दिए जा रहे हैं। राहत की बात यह है कि कल से भर्ती मरीजों की स्थिति में काफी सुधार है और वे फिलहाल स्थिर हैं। डॉक्टरों का कहना है कि अगले एक-दो दिनों में मरीजों को डिस्चार्ज किया जा सकता है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
यह भी पढ़ें: पहली बारिश में ही टपकने लगा नवी मुंबई एयरपोर्ट, VIDEO देख लोग बोले- यही है 19,650 करोड़ का विकास?
बढ़ सकती है संख्या, प्रशासन अलर्ट
चूंकि संबंधित दुकान काफी लोकप्रिय थी और कई लोगों ने वहां से खाना खाया था, इसलिए प्रशासन को डर है कि आने वाले समय में बीमारों का आंकड़ा और बढ़ सकता है। स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को भी ऐसे लक्षण महसूस हों, तो वे तुरंत अस्पताल पहुँचें। फिलहाल, इस घटना ने शहर के स्ट्रीट फूड प्रेमियों के बीच दहशत पैदा कर दी है।
