सोलापुर में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रक से जा भिड़ी एसटी बस, चालक और महिला यात्री की मौत; 10 घायल

Solapur Bus Accident: सोलापुर-हैदराबाद हाईवे पर एसटी बस और ट्रक की टक्कर में बस चालक समेत 2 की मौत, 10 घायल। रिफ्लेक्टर न होना बनी हादसे की वजह।
Solapur Hyderabad Highway Bus Accident
Published on: 
Updated on: 

Solapur Hyderabad Highway Bus Accident: महाराष्ट्र के सोलापुर शहर के शेळगी इलाके में शुक्रवार (31 जुलाई 2026) तड़के एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया। सोलापुर-हैदराबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक राज्य परिवहन (ST) की बस सड़क किनारे जा रहे एक ट्रक से पीछे से जोरदार तरीके से टकरा गई।

इस भीषण दुर्घटना में एसटी बस चालक और एक महिला यात्री की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बस में सवार लगभग 10 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

कुरकुंभ से उमरगा जा रही थी एसटी बस

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त एसटी बस पुणे जिले के कुरकुंभ से धाराशिव जिले के उमरगा जा रही थी। बस तड़के करीब 4:30 बजे सोलापुर बस स्टैंड पहुंची और वहां से यात्रियों को लेकर उमरगा के लिए रवाना हुई थी।

सुबह करीब 5 बजे जैसे ही बस शेळगी इलाके के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहुंची, सामने चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह से चकनाचूर हो गया।

मृतकों की पहचान और घायलों का उपचार

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान एसटी बस चालक दादाराव भालचंद्र बनसोडे (43) और महिला यात्री नागुबाई राम रेवगे के रूप में हुई है। दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय नागरिकों और राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी और राहत व बचाव कार्य में मदद की। घायल हुए 10 यात्रियों को एंबुलेंस की मदद से तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

बारिश, धुंध और बिना रिफ्लेक्टर का ट्रक बना हादसे का कारण

पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि हादसे के समय इलाके में हल्की बारिश हो रही थी और घने बादलों के कारण दृश्यता (Visibility) काफी कम थी। इसके अलावा, जिस ट्रक से बस टकराई, उसके पिछले हिस्से पर सुरक्षा रिफ्लेक्टर (Reflector) नहीं लगा था।

ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार

अंधेरे और बारिश के बीच रिफ्लेक्टर न होने के कारण बस चालक को सामने खड़ा या धीमा ट्रक समय पर दिखाई नहीं दिया और यह हादसा हो गया। दुर्घटना के तुरंत बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सोलापुर पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ट्रक ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com