प्रणीति शिंदे को सोलापुर में झटका, घोषित उम्मीदवार AIMIM में शामिल, राजनीतिक कारण सामने आया

Praniti Shinde News: सोलापुर नगर निगम चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है, जहां सांसद प्रणीति शिंदे के करीबी और घोषित उम्मीदवार फिरदौस पटेल ने AIMIM में शामिल होकर सियासी हलचल बढ़ा दी है।
Solapur Municipal Election
प्रणीति शिंदे को सोलापुर में झटका (सौजन्यः सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Solapur Municipal Election: नगर निगम चुनाव की रणभूमि सज चुकी है और सीटों के बंटवारे व उम्मीदवारों की घोषणा का दौर अंतिम चरण में पहुंच गया है। कांग्रेस ने सबसे पहले सोलापुर और कोल्हापुर में अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर राजनीतिक बढ़त बनाने की कोशिश की। पार्टी ने कोल्हापुर में 48 और सोलापुर में 20 उम्मीदवारों की पहली सूची घोषित की थी। हालांकि, सोलापुर में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है, जहां पहली सूची में शामिल एक उम्मीदवार ने सीधे AIMIM (ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन) का दामन थाम लिया।

सोलापुर के वार्ड नंबर 16 से कांग्रेस की आधिकारिक उम्मीदवार फिरदौस पटेल ने AIMIM में प्रवेश कर लिया है। उन्होंने AIMIM के राज्य कार्यकारी अध्यक्ष फारूक शाब्दी और निरीक्षक अनवर सादात की मौजूदगी में पार्टी जॉइन की। फिरदौस पटेल को कांग्रेस सांसद प्रणीति शिंदे का करीबी माना जाता था और वे वर्ष 2017 में कांग्रेस के टिकट पर सोलापुर नगर निगम की पार्षद चुनी गई थीं।

कांग्रेस नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाए

AIMIM में शामिल होने के बाद फिरदौस पटेल ने कांग्रेस नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि उम्मीदवार चयन प्रक्रिया के दौरान इंटरव्यू में इच्छुक उम्मीदवारों के साथ अपमानजनक व्यवहार किया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसी कारण उन्होंने कांग्रेस छोड़ने का फैसला किया। बताया जा रहा है कि फिरदौस पटेल, AIMIM शहर जिलाध्यक्ष शौकत पठान की रिश्तेदार हैं और उन्हीं की मध्यस्थता से उनका AIMIM में प्रवेश हुआ। राजनीतिक हलकों में यह घटनाक्रम इसलिए भी चौंकाने वाला है क्योंकि कांग्रेस ने दो दिन पहले ही उनकी उम्मीदवारी की घोषणा की थी। इस घटनाक्रम से कांग्रेस के अन्य उम्मीदवारों में भी असमंजस और नाराजगी देखी जा रही है।

सोलापुर में कांग्रेस 45 सीटों पर लड़ेगी चुनाव

सोलापुर नगर निगम चुनाव के लिए महा विकास आघाड़ी (MVA) में शामिल कांग्रेस, शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट), राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) और CPI(M) के नेताओं ने संयुक्त रूप से सीट बंटवारे की घोषणा की है। कुल 102 सीटों वाली सोलापुर नगर निगम में कांग्रेस 45 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और सबसे बड़ा घटक दल होगी।

शिवसेना शहर प्रमुख अजय दसारी के अनुसार, सीट बंटवारे का फॉर्मूला इस प्रकार तय हुआ है—कांग्रेस 45, शिवसेना (उद्धव ठाकरे) 30, एनसीपी (शरद पवार) 20 और CPI(M) 7 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। सोलापुर में चुनाव प्रचार की औपचारिक शुरुआत 4 तारीख से होगी। मुकाबला मुख्य रूप से भाजपा-शिवसेना (शिंदे गुट) गठबंधन और महा विकास आघाड़ी के बीच होने की उम्मीद है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com