महाराष्ट्र के पंढरपुर में दर्दनाक हादसा: नींद की झपकी आते ही नहर में गिरी तेज रफ्तार कार, 3 लोगों की मौत
Pandharpur Road Accident: पंढरपुर के मालशिरस में भीषण सड़क हादसा। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर नीरा नहर में समाई। नींद की झपकी बनी काल, मुंबई निवासी तीन लोगों की डूबने से मौके पर मौत।
- Written By: आकाश मसने
प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स: AI)
Pandharpur Car Accident News: महाराष्ट्र के सोलापुर जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। पंढरपुर क्षेत्र के मालशिरस तहसील में शनिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की जान चली गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सीधे नीरा दाहिनी नहर में जा गिरी। इस दुखद घटना में कार सवार तीनों यात्रियों की मौके पर ही डूबने से मौत हो गई।
नींद की एक झपकी और उजड़ गया परिवार
प्रारंभिक पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि हादसा चालक को नींद की झपकी आने के कारण हुआ। कार मुंबई से मालशिरस की ओर जा रही थी। जैसे ही वाहन मालशिरस तहसील क्षेत्र में पहुंचा, चालक ने नियंत्रण खो दिया और कार सड़क से फिसलते हुए गहरी नहर में जा समाई। चूंकि नहर में पानी का स्तर अधिक था, इसलिए कार देखते ही देखते पूरी तरह डूब गई और सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका।
क्रेन की मदद से निकाली गई कार
हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचे। नहर की गहराई और पानी के बहाव को देखते हुए तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। स्थानीय पुलिस ने क्रेन की सहायता से काफी मशक्कत के बाद कार को पानी से बाहर निकाला। कार के अंदर फंसे तीनों लोगों को जब बाहर निकाला गया, तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं।
सम्बंधित ख़बरें
कभी करियर खत्म होने की थी चर्चा, अब IPL में चमके सौरभ दुबे; दिग्गज बल्लेबाजों की उड़ा दी गिल्ली
अंधेरी में घरेलू विवाद बना मौत की वजह, पति की पिटाई के बाद महिला की मौत
Gondia जिला परिषद में मचा हड़कंप; मनरेगा मजदूरी के लिए ग्राम पंचायत सदस्य ने कीया ‘मैं भी कॉकरोच’ आंदोलन
छतरपुर में हादसा: ट्रक ने मारी ई-रिक्शा को टक्कर, 2 सगी बहनों समेत तीन लोगों की मौत, आरोपी चालक फरार
मृतकों की पहचान
सोलापुर पुलिस ने मृतकों की पहचान हनुमंत जठार, मंजुला जठार और प्रीति टीलेकर के रूप में की है। ये सभी मुंबई के निवासी बताए जा रहे हैं और अपने गांव की ओर जा रहे थे। पुलिस ने पंचनामा कर तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए नजदीकी सरकारी अस्पताल भेज दिया है। मृतकों के परिजनों को इस भीषण दुर्घटना की सूचना दे दी गई है, जिसके बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
यह भी पढ़ें:- अजित पवार की विरासत संभालने उतरेंगी सुनेत्रा पवार, बारामती उपचुनाव के लिए 6 अप्रैल को भरेंगी नामांकन
सावधानी ही बचाव है
हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लंबी दूरी की यात्रा के दौरान अक्सर तड़के के समय चालकों को थकान और नींद महसूस होती है, जो ऐसे हादसों का मुख्य कारण बनती है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
