

Highlights:
कार्तिकी एकादशी पर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने पत्नी लता शिंदे के साथ भगवान विठ्ठल और माता रुक्मिणी की शासकीय महापूजा की।
शिंदे ने भगवान विठ्ठल को सोने का मुकुट अर्पित किया और महाराष्ट्र को सूखे के संकट से उबारने की प्रार्थना की।
उन्होंने कहा कि सरकार की तिजोरी पर पहला अधिकार किसानों का है। संकटग्रस्त किसानों को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।
Eknath Shinde In Pandharpur: ताल-मृदंग की गूंज, हरिनाम के जयघोष और लाखों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में राज्य के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने पत्नी लता शिंदे के साथ भगवान श्री विठ्ठल और माता रुक्मिणी की शासकीय महापूजा की। इस अवसर पर उन्होंने भगवान विठ्ठल के चरणों में राज्य को सूखे के संकट से उबारने, किसानों के जीवन में सुख-समृद्धि लाने और महाराष्ट्र की खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की।
महापूजा के अवसर पर डिप्टी सीएम के पुत्र सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे, उनकी पत्नी वृषाली और पुत्र रुद्रांश भी उपस्थित थे। इस दौरान उन्होंने भगवान विठ्ठल को सोने का मुकुट भी अर्पित किया। नांदेड़ जिले के हदगांव क्षेत्र के उंचेगांव निवासी किसान दंपती सुधाकर और प्रणिता शिंदे को मानकरी वारकरी के रूप में उपमुख्यमंत्री के साथ शासकीय महापूजा में शामिल होने का सम्मान मिला। इस अवसर पर शिंदे ने प्रदेशभर से आए वारकरियों को कार्तिकी एकादशी की शुभकामनाएं दीं।
राज्य के सबसे बड़े तीर्थस्थल पर महापूजा के बाद पत्रकारों से बातचीत में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि किसान देश और राज्य का अन्नदाता है। सरकार की तिजोरी पर पहला अधिकार किसानों का है और उन्हें किसी भी संकट में अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।
सूखा प्रभावित किसानों को अग्रिम सहायता, फसल नुकसान का मुआवजा, विद्यार्थियों की फीस में राहत और कर्ज वसूली पर रोक जैसे आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। पशुओं के लिए चारा, पेयजल और खाद्यान्न की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी जिलाधिकारियों को दिए गए हैं।
पंढरपुर के सर्वांगीण विकास को लेकर शिंदे ने कहा कि सरकार का उद्देश्य इस तीर्थक्षेत्र को आधुनिक, सुविधायुक्त और पर्यावरण के अनुकूल धार्मिक नगरी के रूप में विकसित करना है। यहां आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को पूरे वर्ष बेहतर दर्शन व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं और मजबूत बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
पंढरपुर कॉरिडोर परियोजना पर उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्य स्थानीय नागरिकों को विश्वास में लेकर ही आगे बढ़ाए जाएंगे। किसी के साथ अन्याय नहीं होगा और स्थानीय लोगों की सहमति तथा हितों को प्राथमिकता दी जाएगी।
शिंदे ने कहा कि विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा। कार्तिकी वारी को स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए प्रशासन, मंदिर समिति, पुलिस और महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण मंडल के प्रयासों की उन्होंने सराहना की।
उन्होंने जलयुक्त शिवार, जल संवर्धन और जलतारा जैसे अभियानों के माध्यम से जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की अपील की। शिंदे ने कहा कि पंढरपुर का विकास केवल धार्मिक पर्यटन तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को स्थायी सुविधाएं मिलनी चाहिए। भक्ति, वारकरी परंपरा, पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक विकास के समन्वय से पंढरपुर को एक आदर्श तीर्थक्षेत्र बनाने का सरकार का संकल्प है।