संजय राऊत, देवेंद्र फड़णवीस और एकनाथ शिंदे (सौजन्यः सोशल मीडिया)
मुंबई: भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस आज (गुरुवार) तीसरी बार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने वाले हैं। इस शपथ ग्रहण समारोह के लिए जमकर तैयारियां शुरू है। पीएम नरेंद्र मोदी समेत कई दिग्गज नेता इस समारोह में शामिल होने वाले हैं। लेकिन इस समारोह से पहले शिवसेना (यूबीटी) के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने एकनाथ शिंदे को लेकर बड़ा बयान दिया है, जिससे महाराष्ट्र की राजनीति गरमा गई है।
शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा कि अब भाजपा को एकनाथ शिंदे की जरूरत नहीं है। बीजेपी उनकी पार्टी भी तोड़ सकती है। संजय राउट ने कहा, “अब एकनाथ शिंदे का समय खत्म हो गया है, उनकी जरूरत पूरी हो गई है। अब शिंदे महाराष्ट्र में कभी मुख्यमंत्री नहीं बन पाएंगे। भाजपा शिंदे की पार्टी को भी तोड़ सकते हैं। आज से देवेंद्र फडणवीस राज्य के सीएम होंगे।”
#WATCH शिवसेना(UBT) नेता संजय राउत ने कहा, “अब एकनाथ शिंदे का समय खत्म हो गया है, उनकी जरूरत थी वो पूरी हो गई। अब शिंदे इस राज्य (महाराष्ट्र) में कभी मुख्यमंत्री नहीं बनेंगे। ये लोग शिंदे की पार्टी भी तोड़ सकते हैं…आज से देवेंद्र फडणवीस राज्य के सीएम होंगे। उनके पास बहुमत होने… pic.twitter.com/nIoSaL8OFh
— ANI_HindiNews (@AHindinews) December 5, 2024
वह आगे कहते हैं, ”बहुमत होने के बावजूद वे 15 दिन तक सरकार नहीं बना पाए। जिसका साफ मतलब है कि पार्टी के अंदर कुछ गड़बड़ चल रही है। आप कल से यह गड़बड़ देखेंगे। वे देश के हित के लिए काम नहीं करते हैं, वे स्वार्थ के लिए एक साथ आए हैं। लेकिन फिर भी हम मुख्यमंत्री को बधाई देते हैं और आने वाले समय में आपको महाराष्ट्र के हित के लिए काम करना चाहिए।”
शपथ ग्रहण समारोह मुंबई के आजाद मैदान में शाम 5:30 बजे शुरू होगा। समारोह के लिए सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम भी किए जा चुके हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत NDA शासित राज्यों के मुख्यमंत्री इस समारोह में शामिल होंगे। इस शपथ ग्रहण समारोह में लाडली बहन योजना की 1000 प्रमुख लाभार्थी महिलाओं को भी आमंत्रित किया गया है।
महाराष्ट्र की खबरें पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
जानकारी के लिए बता दें कि देवेंद्र फडणवीस के शपथ समारोह में सुरक्षा व्यवस्था के लिए 520 अधिकारी और करीब 3500 पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। एसआरपीएफ, त्वरित प्रतिक्रिया दल, दंगा नियंत्रण दल, बम निरोधक दस्ता भी मौके पर मौजूद रहेगा। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी कार्यक्रम की निगरानी करेंगे। कार्यक्रम स्थल पर आने वाले रास्ते में यातायात को ध्यान में रखते हुए भी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।