

Satara Road Accident: सतारा जिले के फलटण तहसील में देर रात एक भीषण सड़क हादसे में कमिन्स कंपनी के तीन कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा वाठार निंबालकर गांव के पास उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार कार चालक का नियंत्रण खो बैठी और पुल की रेलिंग से टकराकर पलट गई।
मृतकों की पहचान मोहम्मद हुसैन, अनिल हेबरम और सदानंद पुर्ती के रूप में हुई है। वहीं नयन लोंगाणी, सौरभ कुमार और एम.डी. सितारे गंभीर रूप से घायल हैं। उनका उपचार जारी है। 23 जुलाई की शाम काम खत्म करने के बाद सभी छह दोस्त कार से बडेखान स्थित एक होटल में भोजन करने गए थे। भोजन के बाद वे हॉस्टल लौट रहे थे।
इसी दौरान दोस्तों के आग्रह पर उन्होंने ताथवडे घाट घूमने का कार्यक्रम बनाया। घाट से लौटते समय पुसेगांव-फलटण मार्ग पर वाठार निंबालकर के पास तेज रफ्तार के कारण चालक मोहम्मद हुसैन कार पर नियंत्रण खो बैठा। कार सड़क किनारे बने पुल की रेलिंग से जोरदार टकराई और पलटकर सड़क किनारे जा गिरी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय नागरिकों और फलटण ग्रामीण पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार में फंसे युवकों को बाहर निकाला और एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। उपचार के दौरान तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य का इलाज जारी है। फलटण ग्रामीण पुलिस थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और हादसे की जांच की जा रही है।