पिंपरी-चिंचवड में नाबालिग के साथ यौन उत्पीड़न
पुणे: पुणे के पिंपरी-चिंचवड में एक निजी स्कूल में 12 वर्षीय छात्रा के यौन उत्पीड़न के आरोप में एक शिक्षक और 7 अन्य को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। किशोरी के परिजनों द्वारा निगडी पुलिस थाने में दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
मिली जानकारी के अनुसार, शिक्षक (पीटी टीचर) छेड़छाड़ के आरोप में पहले भी जेल जा चुका है लेकिन रिहा होने के बाद स्कूल ने उसे फिर से नियुक्त कर लिया था। शिकायत के अनुसार शिक्षक पिछले 2 वर्षों से छात्रा का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न कर रहा था। आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार किए गए अन्य लोगों में स्कूल के प्रधानाचार्य, कुछ न्यासी और बोर्ड के सदस्य शामिल हैं।
इससे पहले पालघर में 17 वर्षीय किशोरी को बहला फुसलाकर बाहर घूमने जाने के बुलाया और उसका यौन शोषण किया गया। पुलिस ने मामले को लेकर दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
एक अधिकारी ने बताया कि मुंबई निवासी युवती अपने एक दोस्त से मिलने अक्सर नालासोपारा जाती थी और इसी दौरान उसकी जान-पहचान सोनू से हुई थी जो इलाके में एक स्टूडियो में काम करता है। अधिकारी ने प्राथमिकी के हवाले से बताया कि सोनू और उसके दोस्त ने किशोरी को कहीं बाहर घूमने जाने के लिए शुक्रवार को बुलाया और वे उसे कार में एक सुनसान जगह पर ले गए जहां दोनों ने उससे बलात्कार किया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और यौन अपराध से बच्चों का संरक्षण अधिनियम के तहत शुक्रवार को मामला दर्ज किया और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
बदलापुर के एक स्कूल में एक पुरुष सहायक ने चार वर्षीय दो बच्चियों का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया। इस मामले को लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। जहां अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।