

रोहित पवार द्वारा 'मफलर मैन' का खुलासा करने के बाद राजनीति में उबाल
सांसद सुप्रिया सुले ने कहा कि उन्होंने इस मामले को अखबारों में पढ़ा है
मुख्यमंत्री ने अमित शाह से इस मामले में तेजी जांच कराने के अनुरोध किया
Supriya Sule On Ajit Pawar Plane Crash: अजित पवार विमान हादसे को लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के नेता रोहित पवार ने सोमवार को मफलर मैन वाला खुलासा किया, जिसके बाद महाराष्ट्र रानजीति में सियासत गर्मा गई है। इस मामले में शरद पवार की बेटी और सांसद सुप्रिया सुले की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। सुप्रिया सुले ने उपमुख्यमंत्री अजित पवार से जुड़े विमान हादसे के मामले में पारदर्शी और समयबद्ध जांच की मांग की है।
रोहित पवार द्वारा इस हादसे को लेकर उठाए गए सवालों और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की मफलर वाली तस्वीर साझा किए जाने के सवाल पर सुप्रिया सुले ने कहा कि मैं इसे देख नहीं पाई हूं। मैंने आज अखबारों में इसके बारे में पढ़ा।
सुप्रिया सुले ने कहा कि कल महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पुणे में थे। मंच से उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से अनुरोध किया है कि वे इस मामले की रिपोर्ट मंगाएं और पूरी जांच में तेजी लाएं। इसलिए मुझे लगता है कि हम सभी को उम्मीद रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि न्याय होगा और सच सामने आएगा कि आखिर अजित पवार के विमान के साथ असल में क्या हुआ था।
सुप्रिया सुले ने गुस्से में प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह हमारे लिए कोई ब्रेकिंग न्यूज नहीं है। उस हादसे में मेरे भाई की मौत हो गई थी। इसीलिए कृपया थोड़ी इंसानियत और संवेदनशीलता दिखाएं।
बारामती लोकसभा क्षेत्र में प्रशासनिक समीक्षा बैठक के बाद मीडिया से मुखातिब हुईं सुप्रिया सुले ने कहा कि इस संवेदनशील मामले में सभी सवालों के जवाब मिलना और सच्चाई सामने आना बेहद जरूरी है। उन्होंने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने खुद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से इस जांच रिपोर्ट को जल्द से जल्द सौंपे जाने का अनुरोध किया है, इसलिए फिलहाल सभी को जांच के अंतिम नतीजों का इंतजार करना चाहिए।
बता दें कि सोमवार को मुंबई के वाई. बी. चव्हाण सेंटर में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार से जुड़े विमान हादसे पर संदेह जताते हुए कहा है कि यह कोई दुर्घटना नहीं, बल्कि जानबूझकर की गई साजिश थी।
रोहित पवार ने प्रेस काॅफ्रेंस में मफलर मैन खुलासा करते हुए कहा कि वे कोई और नहीं बल्कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि मफलर मैन का अजित पवार के हादसे को सीधा संबंध नहीं है, लेकिन अजित पवार के हादसे वाले विमान की कंपनी VSR Aviation के मालिक और सहसंचालक रोहित सिंह को बचाने का काम मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस कर रहे हैं।