मेरे मन में भी हैं कई सवाल, बारामती में भावुक हुईं Sunetra Pawar, साजिश की आशंकाओं पर जांच का भरोसा
Sunetra Pawar Demand: बारामती में प्रचार समापन पर सुनेत्रा पवार ने विमान हादसे पर चुप्पी तोड़ी। उन्होंने प्रधानमंत्री और गृहमंत्री से निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए दोषियों पर कार्रवाई का भरोसा दिया।
- Written By: गोरक्ष पोफली
सुनेत्रा पवार (सोर्स: सोशल मीडिया)
Sunetra Pawar On Plane Crash: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के कद्दावर नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के असामयिक निधन ने न केवल महाराष्ट्र की राजनीति को हिलाकर रख दिया है, बल्कि उनके पीछे कई अनसुलझे सवाल भी छोड़ दिए हैं। बारामती विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के अंतिम दिन, उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार ने पहली बार सार्वजनिक मंच से इस दुखद हादसे पर अपनी चुप्पी तोड़ी। एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि वे इस मामले में सच सामने लाने के लिए देश के शीर्ष नेतृत्व के संपर्क में हैं।
प्रधानमंत्री और गृहमंत्री से की मुलाकात
सुनेत्रा पवार (Sunetra Pawar) ने खुलासा किया कि उन्होंने व्यक्तिगत रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की है। उन्होंने मांग की है कि 28 जनवरी को बारामती हवाई पट्टी के पास हुए इस भीषण विमान हादसे की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराई जाए। सुनेत्रा ने कहा, “जनता के मन में जो संदेह और सवाल हैं, वही दर्द और जिज्ञासा मेरे मन में भी है। मुझे शीर्ष नेतृत्व से आश्वासन मिला है कि जांच में कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी और सच को दुनिया के सामने लाया जाएगा।”
साजिश की अटकलों पर विराम की कोशिश
बता दें कि हादसे के बाद से ही सोशल मीडिया और राजनीतिक हलकों में ‘लापरवाही’ या ‘साजिश’ को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। सुनेत्रा पवार ने इन अटकलों पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि यदि जांच में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाई जाती है, तो दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने जनता से भावुक अपील करते हुए कहा कि वे धैर्य रखें, क्योंकि सच्चाई का सामने आना ही उनके पति को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
सम्बंधित ख़बरें
नासिक में TJSB बैंक से 38 करोड़ की ठगी, बाफना ज्वैलर्स के निदेशक नीलेश बाफना की जमानत याचिका खारिज
Gadchiroli News: गड़चिरोली में धान की बुआई अंतिम चरण में, किसानों की नजर अब मानसून पर
Gadchiroli News: गडचिरोली में महाराष्ट्र बंद का व्यापक असर, छात्रों के समर्थन में प्रदर्शन और रैलियां
पुणे में फर्जी रजिस्ट्री का बड़ा खुलासा: 22 अवैध पंजीयन, 19 बिल्डर और जमीन मालिकों पर कार्रवाई
सत्ता और विपक्ष एक सुर में
इस सभा में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, प्रफुल्ल पटेल, सुप्रिया सुले, छगन भुजबल और धनंजय मुंडे जैसे दिग्गज नेता उपस्थित थे। मुख्यमंत्री फडणवीस ने भी अजित पवार को याद करते हुए दोहराया कि सरकार इस हादसे की तह तक जाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि अजीत पवार के विकास कार्यों और उनके सपनों को आगे बढ़ाना अब सरकार की प्राथमिकता है।
यह भी पढ़ें: अस्पताल के बिस्तर से शरद पवार की भावुक अपील- सुनेत्रा को जिताएं, अजित को श्रद्धांजलि दें
बारामती में सहानुभूति की लहर
प्रचार के अंतिम दिन जब सांसद सुप्रिया सुले अपने भाई को याद कर भावुक हुईं, तो पूरी सभा में सन्नाटा पसर गया। बारामती में इस समय सुनेत्रा पवार के प्रति जबरदस्त सहानुभूति देखी जा रही है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सुनेत्रा पवार द्वारा जांच की मांग उठाने से न केवल लोगों का भरोसा बढ़ा है, बल्कि विरोधियों के पास भी अब इस मुद्दे पर बोलने के लिए कुछ नहीं बचा है।
23 अप्रैल को होने वाले मतदान से पहले सुनेत्रा पवार का यह बयान ‘मास्टरस्ट्रोक’ माना जा रहा है। अब जनता को चुनाव के नतीजों के साथ-साथ उस जांच रिपोर्ट का भी इंतजार है, जो ‘दादा’ के साथ हुए इस हादसे का सच बयां करेगी।
