

Pune Ring Road Project: पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ महानगर को यातायात जाम से मुक्ति दिलाने के लिए 'पुणे रिंग रोड परियोजना' का काम अत्यंत तीव्र गति से आगे बढ़ रहा है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के सबसे महत्वपूर्ण हिस्से वडगांव मावल हाईवे पर फ्लाईओवर और उसें खिंड (उर्से दरें) में सुरंग (टनल) का निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर किया जा रहा है।
दोनों महानगरों को बाहर से जोड़ने वाला यह रिंग रोड मावल तहसील के चांदखेड़, परंदवडी, उर्से, वडगांव मावल, कातवी, नानोली तर्फे चाकण, आकुर्डी, आंबी, सुदुंबरे और सुदवड़ी जैसे कई गांवों से होकर गुजर रहा है। संबंधित गांवों में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी हो चुकी है, जिसके बाद अब जमीनी स्तर पर वास्तविक निर्माण कार्य ने काफी रफ्तार पकड़ ली है।
इस पूरे मार्ग में वडगांव मावल और उसे गांव की सीमा पर एक विशाल सुरंग का निर्माण किया जा रहा है, जिसका काम दोनों छोर से एक साथ शुरू है। वडगांव मावल की तरफ से सुरंग के प्रवेश द्वार का ढांचा पूरी तरह तैयार कर लिया गया है।
अब इसके अंदर आधुनिक मशीनों के जरिए ड्रिलिंग और ब्लास्टिंग तकनीक का उपयोग कर सुरंग को आकार दिया जा रहा है। दूसरी ओर, उसें की तरफ से भी भारी मशीनों द्वारा तेजी से खुदाई की जा रही है। यह सुरंग वडगांव फाटा से उसें गांव को जोड़ने वाली 'उसें खिंड' सड़क के ठीक नीचे से होकर गुजरेगी।
गौरतलब है कि वडगांव मावल में उसें खिंड के नीचे से गुजरने वाली आधुनिक सुरंग, मुंबई-पुणे हाईवे पर बनने वाला फ्लाईओवर, और वडगांव शहर के मुख्य प्रवेश द्वार से वडगांव फाटा तक फैला रिंग रोड का यह हिस्सा आने वाले समय में पूरे क्षेत्र की तस्वीर बदल देगा। एमआईडीसी रोड और तालेगांव-चाकण रोड के इस नए कनेक्टिविटी नेटवर्क से मावल क्षेत्र के आर्थिक व औद्योगिक विकास को नए पंख लगेंगे।
वडगांव और कातवी के इलाकों में यह रिंग रोड एमआईडीसी रोड के समानांतर गुजर रहा है। वडगांव के पास यह मार्ग मुंबई-पुणे राष्ट्रीय राजमार्ग को पार करने के लिए एक विशाल फ्लाईओवर के जरिए आगे बढ़ेगा। वर्तमान में इस हिस्से में भी गहरी खुदाई और फ्लाईओवर के खंभे खड़े करने का काम तेजी से चल रहा है। इसके आगे का हिस्सा, विशेष रूप से इंदोरी, सुदुंबरे और सुदवड़ी बेल्ट में निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है।