रविवार पेठ में अवैध पार्किंग और अतिक्रमण से मध्य पुणे बेहाल, पुलिस से कड़े एक्शन की मांग

Ravivar Peth Pune News: पुणे के रविवार पेठ इलाके में त्योहारी सीजन में अवैध पार्किंग और अतिक्रमण से भीषण ट्रैफिक जाम की समस्या पैदा हो गई है। व्यापारियों ने पुलिस से स्थायी समाधान की मांग की है।
Massive traffic jam in Pune's Raviwar Peth
पुणे के रविवार पेठ में लगा भीषण ट्रैफिक जाम(सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

रविवार पेठ में त्योहारी सीजन में ट्रैफिक जाम से बुरा हाल

Pune Traffic Ganeshotsav: पुणे शहर के मध्यवर्ती और बेहद व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र रविवार पेठ में त्योहारी सीजन के दौरान यातायात व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। गणेशोत्सव के पावन अवसर पर खरीदारी के लिए उमड़ रही भीड़ के कारण स्थानीय व्यापारियों, ग्राहकों और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रविवार पेठ व्यापारी एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया है कि महानगरपालिका और शहर यातायात शाखा द्वारा इस भीषण ट्रैफिक जाम से निपटने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।

अतिक्रमण और अवैध पार्किंग ने बढ़ाई समस्या

बाजार क्षेत्र में आने वाले ग्राहकों और माल ढोने वाले वाहनों द्वारा सड़कों पर बेतरतीब और अवैध पार्किंग की जा रही है, जिससे मुख्य सड़कों के साथ-साथ संकरी गलियों में भी आवाजाही ठप हो गई है। पैदल चलने वाले नागरिकों के लिए फुटपाथ पर जगह तक नहीं बची है। वहीं, गणेशोत्सव के मद्देनजर संकरे रास्तों से बड़े और भारी मालवाहक वाहनों के गुजरने से स्थिति और भी विकट हो गई है। माल ढुलाई का समय बिगड़ने से पूरे पेठ क्षेत्र में माल की आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है।

पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार से शिकायतों के बाद भी राहत नहीं

स्थानिक व्यापारियों ने समस्या के समाधान के लिए शहर यातायात शाखा के संयुक्त आयुक्त, पुलिस उपायुक्त और पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार को कई बार लिखित शिकायतें सौंपी हैं। इसके लिए हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया, लेकिन पुलिस प्रशासन की ओर से केवल अस्थायी कार्रवाई ही की गई। व्यापारियों का कहना है कि समस्या का कोई भी स्थायी समाधान अब तक नहीं निकल सका है, जिससे नागरिकों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है।

Massive traffic jam in Pune's Raviwar Peth
हरि-हर की एकता का संदेश देगा पुणे का गणेशोत्सव, 25 फीट ऊंचे मंदिर में होंगे गणपति के दर्शन

समाधान न होने पर नागरिकों ने दी आंदोलन की चेतावनी

व्यापारियों और स्थानीय निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही अतिक्रमण हटाने, अवैध पार्किंग पर नकेल कसने और स्थायी यातायात पुलिस या वार्डन की तैनाती नहीं की गई, तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। व्यापारियों के अनुसार, यदि मध्य पुणे की इन ट्रैफिक समस्याओं को सुलझा लिया जाए तो पूरे शहर को जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com