पुणे के Sinhagad Road RMC Plant से प्रदूषण, निवासियों ने हटाने की मांग तेज की

Sinhagad Road RMC Plant से निकलने वाली धूल ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। निवासियों ने स्वास्थ्य खतरे का हवाला देते हुए इन प्रोजेक्ट्स को शहर से बाहर शिफ्ट करने की मांग की है।
CIDCO Demolishes Illegal RMC Plants in Navi Mumbai
आरएमसी (सौ. सोशल मीडिया )
Published on
Updated on

Pune Sinhagad Road RMC Plant Pollution: पुणे के सिंहगढ़ रोड स्थित वडगांव खुर्द इलाके में रेडिमिक्स सीमेंट (RMC) प्रोजेक्ट्स के कारण प्रदूषण की समस्या गंभीर होती जा रही है।

इन प्लांट्स से निकलने वाली सीमेंट की धूल आसपास के आवासीय क्षेत्रों तक पहुंच रही है, जिससे स्थानीय निवासियों की चिंता बढ़ गई है। निवासियों का कहना है कि हवा में घुल रही सीमेंट की धूल से बच्चों और बुजुर्गों में सांस से जुड़ी बीमारियां और आंखों में जलन जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं।

खासतौर पर दत्तकृष्णाई मंगल कार्यालय से लेकर प्रयेजा सिटी और मधुकोष सोसायटी जैसे घनी आबादी वाले इलाकों में रहने वाले लोग इससे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं।

अनधिकृत रूप से चल रहे प्लांट

स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई RMC प्लांट बिना उचित अनुमति के आवासीय क्षेत्रों के पास संचालित हो रहे हैं। इन प्लांट्स की मौजूदगी से पर्यावरण और स्वास्थ्य दोनों पर खतरा बढ़ता जा रहा है। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।

विरोध समिति की मांग

सिंहगढ़ रोड ‘RMC प्रोजेक्ट विरोधी कृति समिति’ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से इन प्रोजेक्ट्स को महानगरपालिका की सीमा से बाहर स्थानांतरित करने की मांग की है। समिति के सदस्य राजेंद्र पाटिल के अनुसार, कई बार शिकायतें करने के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

कार्रवाई में देरी पर नाराजगी

निवासियों का कहना है कि पहले प्रस्तावित कार्रवाई को भी रोक दिया गया, जिससे लोगों में असंतोष बढ़ गया है। अब तक उन्हें केवल आश्वासन ही मिले हैं, जो उनकी समस्या का समाधान नहीं है।

प्रशासन से ठोस कदम की उम्मीद

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द इन प्लांट्स के खिलाफ कार्रवाई की जाए और उन्हें शहर से बाहर स्थानांतरित किया जाए, ताकि लोगों को स्वच्छ वातावरण मिल सके और स्वास्थ्य संबंधी जोखिम कम हो सके।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com