

Pune Ganesh Visarjan Traffic Restrictions: पुणे में गणेश विसर्जन जुलूस को देखते हुए पुलिस ने शहर की यातायात व्यवस्था में बड़े बदलाव किए हैं। 25 सितंबर को होने वाले विसर्जन के दौरान प्रमुख जुलूस मार्गों पर चरणबद्ध तरीके से वाहनों की आवाजाही रोकी जा रही है। पुणे ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, मुख्य विसर्जन मार्गों पर 17 प्रमुख सड़क हिस्सों को अलग-अलग समय पर बंद किया गया है।
लक्ष्मी रोड, शिवाजी रोड, तिलक रोड, बाजीराव रोड, कुमठेकर रोड और केलकर रोड समेत कई मार्गों पर ट्रैफिक प्रतिबंध लगाए गए हैं। लक्ष्मी रोड पर संत कबीर चौक से अलका टॉकीज चौक के बीच सुबह 5 बजे से यातायात बंद किया गया, जबकि अन्य मार्गों पर सुबह 9 से 11 बजे के बीच चरणबद्ध प्रतिबंध लागू हुए।
गणेश विसर्जन की मुख्य मिरवणूक लक्ष्मी रोड, तिलक रोड, कुमठेकर रोड और केलकर रोड से होकर अलका टॉकीज चौक की ओर जाती है। भीड़ और जुलूस की स्थिति के अनुसार पुणे ट्रैफिक को अलग-अलग जंक्शन से डायवर्ट किया जा रहा है।
पुणे शहर में 25 सितंबर की रात 12:01 बजे से 26 सितंबर की आधी रात तक भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है। पुलिस ने वाहन चालकों से जुलूस मार्गों से बचने और निर्धारित वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की अपील की है।
पिंपरी-चिंचवड़ में भी गणेश विसर्जन के कारण भोसरी, निगडी, वाकड़, हिंजवड़ी और पिंपरी क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बदली गई है। कुछ मार्गों पर वाहनों की आवाजाही रोककर वैकल्पिक रास्तों से ट्रैफिक भेजा जा रहा है। खड़की-हैरिस ब्रिज-फुगेवाड़ी मार्ग पर ग्रेड सेपरेटर के इस्तेमाल समेत कई वैकल्पिक रूट निर्धारित किए गए हैं।
वाकड़ और हिंजवड़ी क्षेत्र में भी जंक्शन के अनुसार वाहनों को दूसरे मार्गों की ओर मोड़ा जा रहा है। पिंपरी क्षेत्र में पवनेश्वर मंदिर, सर्जा होटल, कालेवाड़ी ब्रिज, डीलक्स चौक और आसपास के मार्गों पर भी डायवर्जन लागू किया गया है।
विसर्जन जुलूस के आगे बढ़ने के साथ ट्रैफिक प्रतिबंधों का दायरा भी बदल सकता है। इसलिए वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे यात्रा से पहले वैकल्पिक मार्ग की योजना बनाएं और मौके पर लगाए गए ट्रैफिक संकेतों तथा पुलिस के निर्देशों का पालन करें। आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को आवश्यकतानुसार प्रतिबंधों से छूट दी गई है।