

पुणे महानगरपालिका के आधिकारिक ई-मेल पर दोपहर को बम से उड़ाने की धमकी मिली।
एहतियात के तौर पर पुलिस ने मनपा की नई इमारत को तुरंत खाली करवाया।
इस धमकी भरे संदेश में जलसा बंगले और दिलजीत के कार्यक्रम का जिक्र था।
PMC Bomb Threat E-mail Ongoing Investigation: पुणे महानगरपालिका मुख्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से गुरुवार को प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मनपा के आधिकारिक ई-मेल पर दोपहर 1.16 बजे धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ। इसमें मनपा मुख्यालय और महापौर कार्यालय में दोपहर 3.11 बजे विस्फोट करने की चेतावनी दी गई थी।
एहतियात के तौर पर मनपा की नई इमारत में स्थित कार्यालयों को तत्काल खाली कराया गया। पुलिस, बम निरोधक दस्ता, श्वान दस्ता और अग्निशमन दल ने मौके पर पहुंचकर पूरे परिसर की तलाशी ली।
धमकी भरे ई-मेल में मनपा इमारत में बम रखे जाने का उल्लेख किया गया था। संदेश की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी। इसके बाद अधिकारियों, कर्मचारियों और वहां मौजूद नागरिकों को इमारत से बाहर निकाला गया। सुरक्षा एजेंसियों ने इमारत के सभी कार्यालयों और आसपास के परिसर की बारीकी से जांच की।
इस धमकी की व्याप्ति केवल पुणे तक सीमित नहीं होने की जानकारी भी सामने आई है। मुंबई के जुहू स्थित अभिनेता अमिताभ बच्चन के आवास 'जलसा' और प्रसिद्ध गायक दिलजीत दोसांझ के आगामी कार्यक्रम को भी निशाना बनाने की धमकी दिए जाने की बात सामने आई है। इससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है।
पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने मनपा मुख्यालय में संदिग्ध वस्तुओं की तलाश की। अग्निशमन दल और श्वान दस्ते ने भी जांच में हिस्सा लिया। हालांकि, तलाशी के दौरान इमारत में कोई बम या अन्य संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बावजूद सुरक्षा के मद्देनजर जांच और एहतियाती कार्रवाई जारी रखी गई।
गौरतलब है कि पिछले सप्ताह राज्य के 19 न्यायालयों को भी इसी तरह के धमकी भरे ई-मेल मिले थे। अब पुणे मनपा को धमकी मिलने से सरकारी कार्यालयों और सार्वजनिक संस्थानों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
इस मामले में शिवाजीनगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज की गई है। पुलिस ई-मेल के स्रोत, उसे भेजने वाले व्यक्ति और धमकी के पीछे के उद्देश्य का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल पुलिस की जांच और आधिकारिक निष्कर्षों का इंतजार है।
- नवभारत लाइव के लिए पुणे से समीर सय्यद की रिपोर्ट