मुंबई में छठ गीतों पर सियासी घमासान, किशोरी पेडनेकर का हमला; संजय निरुपम का पलटवार, MNS ने दिया अल्टीमेटम

Chhath Songs On Mumbai Stations: मुंबई के रेलवे स्टेशनों पर भोजपुरी छठ गीत बजाने को लेकर विवाद बढ़ा। किशोरी पेडनेकर ने सरकार को घेरा, संजय निरुपम ने पलटवार किया और MNS ने एक घंटे का अल्टीमेटम दिया।
Mumbai Railway Station Bhojpuri Song Controversy
राज ठाकरे, संजय निरुपम और किशोरी पेडनेकर(सोर्स: डिजाइन फोटो)
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • मुंबई के रेलवे स्टेशनों पर छठ गीत बजाने को लेकर राजनीतिक घमासान मच गया है।

  • किशोरी पेडनेकर ने महाराष्ट्र की सांस्कृतिक पहचान बदलने की कोशिश का आरोप लगाया है।

  • मनसे के नेता ने रेलवे प्रशासन को एक घंटे का अल्टीमेटम दिया है।

Mumbai Railway Station Bhojpuri Song Controversy: मुंबई के रेलवे स्टेशनों पर छठ महापर्व के अवसर पर भोजपुरी गीत बजाने को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। इस मुद्दे पर अब शिवसेना (UBT), महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना और सत्तारूढ़ गठबंधन के नेताओं के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है।

शिवसेना (UBT) की नेता किशोरी पेडनेकर ने सरकार पर निशाना साधते हुए महाराष्ट्र का बिहार न बनाएं कहकर आपत्ति जताई, तो संजय निरुपम ने इसे संकीर्ण मानसिकता करार दिया। वहीं, मनसे ने भोजपुरी गाने बंद करने के लिए रेलवे को एक घंटे का अल्टीमेटम देते हुए तोड़फोड़ की चेतावनी दी है।

किशोरी पेडनेकर का सरकार पर हमला

शिवसेना (UBT) की वरिष्ठ नेता किशोरी पेडनेकर ने रेलवे स्टेशनों पर भोजपुरी गाने बजाए जाने को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने बालासाहेब ठाकरे के विचारों का हवाला देते हुए पूछा कि आखिर उन विचारों को कहां रख दिया गया है?

पेडनेकर ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र सरकार राज्य की सांस्कृतिक पहचान को बदलने की कोशिश कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि महाराष्ट्र के रेलवे स्टेशनों पर तेज आवाज में भोजपुरी गाने क्यों बजाए जा रहे हैं? क्या ध्वनि प्रदूषण के नियमों का पालन करने की जिम्मेदारी केवल मराठी व्यक्ती की है? उन्होंने कहा कि मराठी समाज के शांत रहने का गलत फायदा उठाया जा रहा है।

संजय निरुपम का पलटवार

किशोरी पेडनेकर और अन्य नेताओं की आपत्तियों के बीच संजय निरुपम ने छठ गीतों का बचाव किया। उन्होंने कहा कि छठ के पारंपरिक गीत छठी मैया की आराधना और भक्ति का प्रतीक हैं। भोजपुरी, मैथिली और मगही भाषाओं में गाए जाने वाले ये गीत लंबे समय से छठ पर्व की सांस्कृतिक परंपरा का हिस्सा रहे हैं।

निरुपम ने कहा कि भारतीय रेलवे ने बेंगलुरु, हैदराबाद, पुणे, कोलकाता और मुंबई सहित कई शहरों के रेलवे स्टेशनों पर छठ पूजा से जुड़े गीत बजाने की पहल की है। ऐसे में केवल मुंबई में इन गीतों पर आपत्ति जताना संकीर्ण मानसिकता को दर्शाता है।

उन्होंने रेलवे की इस पहल को धार्मिक आस्था से जोड़ते हुए कहा कि भक्ति भाव में शक्ति प्रदर्शन तलाशना ओछी हरकत है। उनके मुताबिक, छठ के पारंपरिक गीतों को राजनीतिक विवाद का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए।

Mumbai Railway Station Bhojpuri Song Controversy
मुंबई में पटाखे फोड़ने पर खूनी विवाद! महिला को जमीन पर गिराकर डंडों से पीटा, पति और बच्ची भी घायल; 4 गिरफ्तार

MNS का रेलवे को एक घंटे का अल्टीमेटम

इस विवाद में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना ने भी आक्रामक रुख अपनाया है। मनसे रेलवे कर्मचारी संगठन के अध्यक्ष जितेंद्र पाटील ने रेलवे प्रशासन को एक घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि इस दौरान भोजपुरी गाने बंद नहीं किए गए, तो मनसे अपने अंदाज में जवाब देगी।

उन्होंने तोड़फोड़ की चेतावनी देते हुए कहा कि CSMT पर किसी अधिकारी को घूमने नहीं दिया जाएगा। मनसे की ओर से यह सवाल भी उठाया गया कि शिव जयंती और मराठी भाषा दिवस जैसे आयोजनों के लिए अनुमति लेने के लिए कई आवेदन करने पड़ते हैं, तो फिर रेलवे स्टेशनों पर भोजपुरी गाने बजाने की शुरुआत बिना मांग के कैसे कर दी गई?

Mumbai Railway Station Bhojpuri Song Controversy
सोलापुर एयरपोर्ट पर रनवे से नीचे उतरा ट्रेनर प्लेन, टेकऑफ करते समय हुआ हादसा

रेलवे की सफाई के बावजूद बढ़ा विवाद

विवाद के बीच रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि छठ पूजा के अवसर पर विशेष ट्रेनों और यात्रियों की सुविधा से जुड़ी जानकारी देने के लिए यह पहल की गई है। रेलवे स्टेशनों पर उद्घोषणाओं के साथ भोजपुरी छठ गीत बजाए जा रहे थे।

हालांकि, इस पहल को लेकर अलग-अलग राजनीतिक दलों की प्रतिक्रियाओं ने मामले को धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन से आगे राजनीतिक टकराव का मुद्दा बना दिया है। एक तरफ छठ गीतों को आस्था और सांस्कृतिक परंपरा से जोड़कर उनका समर्थन किया जा रहा है, तो दूसरी तरफ महाराष्ट्र राज्य की भाषाई पहचान और ध्वनि प्रदूषण के नियमों को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।

फिलहाल मुंबई के रेलवे स्टेशनों पर छठ गीतों को लेकर शुरू हुआ विवाद मराठी बनाम गैर-मराठी बहस का रूप लेता दिखाई दे रहा है।