तीसरी शादी के लिए मां बनी 'जल्लाद'; 11 महीने के मासूम को पत्थर पर पटका, फिर बैग में भरकर कुएं में फेंका

Pune Crime: पुणे में तीसरी शादी के लिए मां ने 11 महीने के बेटे की हत्या कर शव कुएं में फेंका। आरोपी पूजा पवार गिरफ्तार, 10 अप्रैल तक रिमांड। मामला सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश है।
Pune Mother Kills Infant
Pune Mother Kills Infant (फोटो क्रेडिट-X)
Published on: 
Updated on: 

Pune Mother Kills Infant: महाराष्ट्र के पुणे जिले से एक ऐसी सनसनीखेज खबर सामने आई है, जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। पुणे ग्रामीण पुलिस ने 22 वर्षीय एक महिला को अपने ही 11 महीने के मासूम बेटे की बेरहमी से हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला, जिसकी पहचान पूजा रविंद्र पवार के रूप में हुई है, कथित तौर पर अपनी तीसरी शादी के रास्ते से 'रुकावट' हटाने के लिए इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।

यह घटना शिरूर तालुका के भंभारडे गांव की है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि पूजा ने 8 मार्च 2026 को अपने बेटे यश की हत्या की थी और सबूत मिटाने के लिए शव को भारी पत्थरों के साथ एक बैग में भरकर कुएं में फेंक दिया था। लगभग एक महीने तक यह राज दफन रहा, लेकिन पुलिस की सतर्कता ने इस 'कलयुगी मां' का पर्दाफाश कर दिया।

गुमशुदगी की रिपोर्ट से खुला राज

घटना का खुलासा तब हुआ जब पूजा के पति, रविंद्र अशोक पवार ने 5 अप्रैल को रंजगांव MIDC पुलिस स्टेशन में मां-बेटे की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। रविंद्र ने बताया कि पूजा 8 मार्च को बच्चे के साथ घर से निकली थी और वापस नहीं लौटी। पुलिस ने जांच शुरू की और कुछ ही घंटों में पूजा को शिरूर के जंबूत गांव से हिरासत में ले लिया। शुरुआत में उसने पुलिस को गुमराह करने के लिए कहानी गढ़ी कि बच्चा गलती से चबूतरे से गिर गया था और डर के मारे उसने शव को कुएं में फेंक दिया।

तीसरी शादी का जुनून और खूनी साजिश

जब पुणे पुलिस ने कुएं से बच्चे का सड़ा-गला शव निकाला और पोस्टमॉर्टम कराया, तो सच्चाई सामने आ गई। डॉक्टरों ने पाया कि बच्चे के सिर पर लगी चोट गिरने से नहीं, बल्कि किसी कठोर वस्तु पर जोर से पटकने के कारण आई थी। कड़ाई से पूछताछ करने पर पूजा टूट गई और अपना जुर्म कबूल कर लिया। जांच में पता चला कि पूजा की रविंद्र से यह दूसरी शादी थी, लेकिन उनके बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे। वह रविंद्र को छोड़कर तीसरी शादी करना चाहती थी और उसे लगता था कि 11 महीने का बेटा उसके नए जीवन में बाधा बनेगा। 8 मार्च को जब बच्चा लगातार रो रहा था, तो पूजा ने गुस्से में आकर उसका सिर पत्थर के चबूतरे पर पटक दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

सबूत मिटाने के लिए बैग में भरे पत्थर

बच्चे की जान लेने के बाद पूजा ने बड़ी ही शातिरता से सबूत मिटाने की कोशिश की। उसने यश के शव को एक स्कूल बैग में डाला और उसमें बड़े-बड़े पत्थर भर दिए ताकि बैग कुएं की तली में बैठ जाए और ऊपर न आए। रंजगांव पुलिस स्टेशन के इंचार्ज इंस्पेक्टर महादेव वाघमोडे और डिप्टी एसपी प्रशांत ढोले के नेतृत्व में टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुणे की एक स्थानीय अदालत ने उसे 10 अप्रैल 2026 तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com