पुणे ग्रैंड टूर 2026: साइक्लिंग प्रतियोगिता के कारण सोमवार को कई स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे
Pune Grand Tour 2026: पुणे ग्रैंड टूर 2026 के अंतर्गत आयोजित साइक्लिंग प्रतियोगिता के कारण सोमवार को पुणे के कई स्कूल, कॉलेज और शैक्षणिक संस्थान बंद रहेंगे। प्रमुख सड़कों पर यातायात बंद रहेगा।
- Written By: आंचल लोखंडे
Pune Grand Tour 2026:पुणे ग्रैंड टूर 2026 (सोर्सः सोशल मीडिया)
Cycling Event In Pune: अंतरराष्ट्रीय साइक्लिंग प्रतियोगिता ‘पुणे ग्रैंड टूर 2026’ के मद्देनजर पुणे के कई हिस्सों में सोमवार को स्कूल, कॉलेज और अन्य शैक्षणिक संस्थान बंद रहेंगे। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि यह निर्णय साइक्लिंग प्रतियोगिता की ‘प्रोलॉग रेस’ के कारण लिया गया है, जो सोमवार को पुणे शहर में आयोजित की जाएगी। इस रेस के कारण सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक प्रमुख सड़कों को यातायात के लिए बंद रखा जाएगा।
‘प्रोलॉग रेस’ प्रतियोगिता
‘प्रोलॉग रेस’ प्रतियोगिता की शुरुआत में होने वाली छोटी समय-सीमा वाली रेस होती है, जो मुख्य दौड़ से पहले होती है। पुणे यातायात विभाग ने गणेश खिंड, जंगली महाराज और फर्ग्यूसन रोड सहित प्रमुख क्षेत्रों में साइकिल रेस के लिए सड़क बंद करने के निर्देश जारी किए हैं।
सम्बंधित ख़बरें
पुणे में बारिश से ST महामंडल को बड़ा झटका, 35% घटी कमाई, कई रूटों पर बस सेवा ठप
पुणे ट्रैफिक जाम से राहत की तैयारी: टनल नेटवर्क, इनर रिंग रोड और HCMTR के लिए बनी हाई लेवल कमेटी
पिंपरी-चिंचवड़: मोशी हादसे में पहली मौत, कचरे के ढेर में फंसे 23 लोगों में से 9 को बचाया, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
पुणे: डोंबिवली डॉक्टर पिटाई मामला; शिवसेना के नगरसेवक समेत 4 गिरफ्तार, विधानसभा तक गूंजा मुद्दा
पुरुषों के लिए पांच दिवसीय ‘कॉन्टिनेंटल रोड साइक्लिंग रेस’ 19 से 23 जनवरी तक चलेगी। यह रेस दक्कन पठार और सह्याद्री पर्वतमाला के पार 437 किलोमीटर के मार्ग से गुजरेगी, जिसमें तीक्ष्ण मोड़ और चुनौतीपूर्ण ऊंचाइयां शामिल हैं। इस प्रतियोगिता में 35 देशों की 29 टीमों के 171 साइकिल चालक भाग ले रहे हैं।
सड़क मार्ग से यात्रा करने से बचने की अपील
पुणे के जिलाधिकारी जितेंद्र डूडी ने छात्रों और अभिभावकों को होने वाली असुविधा से बचने के लिए फर्ग्यूसन कॉलेज, गणेश खिंड, जंगली महाराज और आसपास की आंतरिक सड़कों के क्षेत्रों में स्थित शैक्षणिक संस्थानों के लिए एक दिन की छुट्टी घोषित करने के आदेश जारी किए हैं।
यह अवकाश शिवाजीनगर-घोले रोड, विश्रामबागवाड़ा-कस्बा, धोले पाटिल रोड, भवानी पेठ, औंध-बनेर, कोथरूड-बावधन, सिंहगढ़ रोड और वारजे-करवेनगर वार्ड कार्यालयों की सीमा में स्थित सभी आंगनवाड़ी, सरकारी और निजी स्कूलों, जूनियर और सीनियर कॉलेज व व्यावसायिक शैक्षणिक संस्थानों पर लागू होगा। पुलिस ने नागरिकों से मेट्रो का इस्तेमाल करने और सड़क मार्ग से यात्रा करने से बचने की अपील की है।
(एजेंसी इनपुट के साथ)
