पुणे: डोंबिवली डॉक्टर पिटाई मामला; शिवसेना के नगरसेवक समेत 4 गिरफ्तार, विधानसभा तक गूंजा मुद्दा
Kalyan Hospital Case: डोंबिवली के शास्त्रीनगर अस्पताल में डॉक्टरों से मारपीट मामले में शिवसेना नगरसेवक रमेश म्हात्रे सहित 4 गिरफ्तार। विरोध में कल्याण-डोंबिवली के निजी अस्पतालों की सेवाएं बंद।
- Written By: रूपम सिंह
डॉक्टरों के साथ हुई मारपीट, आदित्य ठाकरे (सोर्स- सोशल मीडिया)
Kalyan Shastrinagar Hospital Dombivli Doctor Assault Case: केडीएमसी संचालित डोंबिवली के शास्त्रीनगर अस्पताल में डॉक्टरों के साथ हुई मारपीट की घटना ने राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में भूचाल ला दिया है। घटना के तीसरे दिन, विधानसभा में मुद्दा उठने और विपक्ष के तीखे हमलों के बीच विष्णुनगर पुलिस ने शिवसेना (शिंदे) के नगरसेवक रमेश म्हात्रे समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
मामले की एक महिला आरोपी अब भी फरार है। सोमवार रात ड्यूटी पर तैनात डॉ. वैभव सालुंखे और एक महिला डॉक्टर के साथ दबंग नगरसेवक रमेश म्हात्रे तथा उसके साथियों ने कथित रूप से मारपीट की थी।
शुरू में कार्रवाई न होने से पुलिस-मनपा की किरकिरी
घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बावजूद शुरुआती कार्रवाई नहीं होने से पुलिस और मनपा प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे। बुधवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरद पवार) के विधायक रोहित पवार और शिवसेना (उद्धव) के विधायक आदित्य ठाकरे ने अस्पताल पहुंचकर पीड़ित डॉक्टरों से मुलाकात की।
सम्बंधित ख़बरें
महाराष्ट्र के 7444 गांवों में श्मशान नहीं! फडणवीस सरकार का बड़ा फैसला, अब इस शर्त के बिना नहीं मिलेगा फंड
नागपुर में दिल दहला देने वाली वारदात, स्टेशन छोड़ने के बहाने ऑटो में बैठाया, लूट के बाद मजदूर की हत्या
ठाणे में दर्दनाक हादसा: घोड़बंदर रोड पर ऑटो पर पलटा केमिकल टैंकर, 2 की मौत; कांदिवली में बावड़ी में डूबा मासूम
महाराष्ट्र में कुदरत का डबल अटैक! भारी बारिश के बीच हिंगोली, नांदेड़ और परभणी में 4 बार आया भूकंप
रोहित पवार ने सरकार और पुलिस पर निशाना साधते हुए कहा कि डॉक्टरों पर हमला करने वाले रमेश म्हात्रे जैसे आरोपी को सिर्फ गिरफ्तार करना काफी नहीं है। ऐसे लोगों को चड्डी-बनियान में सड़कों पर घुमाया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों पर हाथ उठाने की हिम्मत न कर सके।
आरोपी के चुनाव लड़ने पर लगे प्रतिबंधः आदित्य
वहीं आदित्य ठाकरे ने कहा कि केवल गिरफ्तारी से काम नहीं चलेगा। डॉक्टरों पर हमला करने वालों के खिलाफ उदाहरण पेश करने वाली कार्रवाई होनी चाहिए। रमेश म्हात्रे का नगरसेवक पद रद्द किया जाए और भविष्य में उन्हें चुनाव लड़ने पर भी प्रतिबंध लगाया जाए, कानून का डर तभी पैदा होगा, जब दोषियों पर कड़ी और निर्णायक कार्रवाई होगी। इस घटना ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था की भी पोल खोल दी है।
घटना के समय अस्पताल में 4 सुरक्षा रक्षक तैनात थे, लेकिन किसी ने भी डॉक्टरों को बचाने की कोशिश नहीं की। इससे केडीएमसी अस्पतालों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए है। विष्णुनगर पुलिस के अनुसार, डॉ। वैभव सालुंखे की शिकायत पर एक महिला सहित पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मुख्य आरोपी रमेश म्हात्रे, प्रमोद निकम, अक्षय करांडे और राजेश पवार को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि फरार महिला आरोपी की तलाश जारी है।
दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाईः सांसद शिंदे
कल्याण के सांसद श्रीकांत शिंदे ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों पर हमला किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि एक डॉक्टर होने के नाते वह स्वास्थ्य कर्मियों की जिम्मेदारी और चुनौतियों को भली-भांति समझते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोषियों के खिलाफ पार्टी स्तर पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
KDMC के निजी अस्पतालों में ओपीडी-आईपीडी सेवाएं बंद
- शास्त्रीनगर अस्पताल में डॉक्टरों और नर्सों के साथ हुई मारपीट के विरोध में बुधवार को कल्याण-डोंबिवली के निजी डॉक्टरों ने ओपीडी और आईपीडी सेवाएं बंद रखीं।
- इस आंदोलन में आईएमए, नीमा और केम्पा से जुड़े चिकित्सकों ने भाग लिया। आईएमए के अध्यक्ष डॉ। राजेश राजू ने बताया कि आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर सभी निजी अस्पतालों की नियमित सेवाएं बंद रखी गई।
- आगे की रणनीति तय करने के लिए डोंबिवली के पाठारे हॉल में डॉक्टरों की बैठक भी बुलाई गई। नीमा के डॉ। पंकज उपाध्याय और डॉ। राहुल दुबे ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए सरकार से डॉक्टरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
