CM फडणवीस (pic credit; social media)
Devendra Fadnavis on Ravindra Dhangekar: मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को पुणे दौरे के दौरान पूर्व विधायक और शिवसेना शिंदे गुट के नेता रवींद्र धंगेकर द्वारा गैंगस्टर नीलेश घायबल को लेकर भाजपा नेताओं पर निशाना साधने के सवाल पर जवाब दिया।
फडणवीस ने कहा, “इस मामले में उनके बॉस से बात करूंगा, उनके बारे में अभी मैं क्या बोलू।” उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी संगठन की समीक्षा और आगामी स्थानीय चुनावों की तैयारियों के सिलसिले में यह रुख लिया गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि शनिवार को पश्चिमी महाराष्ट्र में भाजपा पदाधिकारियों के साथ बैठक की गई। बैठक में महानगरपालिका, नगरपालिका, जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों की रणनीति, पार्टी कार्यकर्ताओं की तैयारियों और प्राकृतिक आपदा से राहत कार्यों की समीक्षा की गई। फडणवीस ने कहा कि स्थानीय चुनावों के संदर्भ में गठबंधन का फैसला स्थानीय स्तर पर लिया जाएगा और पार्टी संगठन पूरी तरह से सक्रिय है।
उन्होंने बताया कि पुणे मनपा चुनाव में भाजपा ने 165 सीटों में से 125 सीटें जीतने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए वार्ड-वार सर्वेक्षण शुरू कर दिया गया है। सर्वेक्षण में यह सामने आया कि पिछली 2017 के चुनाव में 40 सीटें खतरे में थीं। नए वार्ड ढांचे के अनुसार पीएमसी में कुल 41 वार्ड हैं, जिनमें से 40 वार्डों से चार-चार और एक वार्ड से पांच नगरसेवक चुने जाएंगे। पार्टी ने संभावित उम्मीदवारों की सूची तैयार करना शुरू कर दी है।
फडणवीस ने कहा कि चुनावी तैयारी पूरी गति से जारी है और भाजपा अपने मजबूत संगठन और जनता से जुड़े अभियान के दम पर बड़े लक्ष्य को हासिल करने की कोशिश करेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं और शिकायतों का त्वरित समाधान किया जाए ताकि चुनावी प्रक्रिया सुचारू और पारदर्शी रहे।
मुख्यमंत्री का यह बयान राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। विशेषज्ञों का कहना है कि फडणवीस ने धंगेकर के आरोपों को टालते हुए अपने रुख को स्पष्ट किया और पार्टी को चुनावी मोर्चे पर सक्रिय रखने का संदेश दिया।