पुणे महानगरपालिका (सोर्सः सोशल मीडिया)
Pune News In Hindi: पुणे महानगर पालिका (पीएमसी) के हालिया चुनाव परिणामों के बाद अब सत्ता के समीकरण पूरी तरह स्पष्ट हो गए हैं।
165 सीटों वाली महानगर पालिका में 119 सीटें जीतकर ‘एकहाती’ सत्ता हासिल करने वाली भारतीय जनता पार्टी का दबदबा न केवल सदन में, बल्कि सभी महत्वपूर्ण समितियों और मनोनीत पदों पर भी दिखाई देगा।
जानकारों का मानना है कि इस बार भाजपा के लगभग 77 नगरसेवकों को विभिन्न समितियों में सीधे तौर पर काम करने का अवसर मिलेगा, जिससे शहर के विकास की चाबी पूरी तरह भाजपा के हाथ में होगी।
महानगर पालिका की सबसे ‘पावरफुल’ मानी जाने वाली स्थायी समिति में भी भाजपा का भारी बहुमत रहेगा। कुल 16 सदस्यों वाली इस समिति में पक्षीय बलाबल के अनुसार भाजपा के 12 सदस्य, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के 03 सदस्य और कांग्रेस के 01 सदस्य शामिल होंगे।
सभी वित्तीय प्रस्तावी और विकास कार्यों की फाइलों को मंजूरी यहीं से मिलती है, इसलिए भाजपा के 12 सदस्यों की मौजूदगी यह सुनिश्चित करेगी कि प्रशासन पर पार्टी की पकड़ मजबूत बनी रहे। फिलहाल भाजपा के भीतर ‘मोर्चेबंदी’ और लॉबिंग तेज हो गई है।
ये भी पढ़ें :- TDS Default Crackdown: मशीन लर्निंग से पकड़ में आए टैक्स डिफॉल्टर, आयकर विभाग प्रवर्तन मोड में
पुणे महानगर पालिका में मुख्य रूप से छह समितियां (शहर सुधार, शिक्षा, विधि, महिला एवं बाल कल्याण, नाम समिति और क्रीड़ा समिति) कार्यरत हैं। प्रत्येक समिति में 13 सदस्य होते हैं। भाजपा की प्रचंड जीत के कारण हर समिति में उसके 10-10 सदस्य होंगे।