

Moshi Garbage Depot Accident: मोशी स्थित पिंपरी-चिंचवड़ महानगरपालिका (पीसीएमसी) के वेस्ट-टू-एनर्जी संयंत्र में इमारत ढहने के हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर दो हो गई है। शनिवार को बचाव अभियान के चौथे दिन मलबे से एक और शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान अक्षय सावंत के रूप में हुई है।
बुधवार को संयंत्र की तीन मंजिला प्रशासनिक इमारत पर कचरे का विशाल ढेर गिरने से पूरी इमारत ढह गई थी। हादसे के समय भवन के भीतर करीब 18 कर्मचारी मौजूद थे। अब तक नौ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है, जबकि दो कर्मचारियों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। राहत एजेंसियां अब भी सात लापता लोगों की तलाश में जुटी हुई हैं।
राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), अग्निशमन विभाग और अन्य बचाव एजेंसियां संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं। मलबा हटाने के लिए विशेष डिमॉलिशन मशीनों समेत करीब 15 खुदाई मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। भारी मात्रा में मलबा होने के कारण अभियान चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।
प्रशासन लगातार बचाव अभियान की निगरानी कर रहा है और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया है। पिंपरी-चिंचवड़ अधिकारियों का कहना है कि जब तक सभी लापता लोगों का पता नहीं चल जाता, तब तक राहत एवं बचाव अभियान बिना रुके जारी रहेगा। हादसे के कारणों की जांच भी समानांतर रूप से की जा रही है।