अनंत चतुर्थी तक पुणे के मुख्य रूट्स पर गाड़ियों की No Entry, गणेशोत्सव में भीड़ को देखकर लिया फैसला

महाराष्ट्र के पुणे में गणेशोत्सव की शानदार रौनक है। अब शहर की भीड़ पुणे के भव्य गणपति पंडालों की झांकियां देखने के लिए निकलने लगी है। जिसके कारण ट्रैफिक व्यवस्था में बड़े बदलाव किए गए हैं।
ट्रैफिक पुलिस
ट्रैफिक पुलिस (सौजन्य-नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

Pune News In Hindi: गणेशोत्सव की धूम का उत्साह पूरे शहर में नजर आ रहा है। घरगुती गणपति व गौरी गणपति विसर्जन के बाद अब सार्वजनिक गणेश मंडलों के दर्शन और उनकी भव्य झांकियां देखने के लिए शहर के मध्य भाग में भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है।

इसे देखते हुए पुणे ट्रैफिक पुलिस ने ट्रैफिक व्यवस्था में बड़े बदलाव किए हैं। 5 सितंबर तक प्रतिदिन शाम 5 बजे के बाद शहर के मध्यवर्ती भाग के कई प्रमुख मार्ग आम वाहनों के लिए बंद रहेंगे। ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि छत्रपति शिवाजी महाराज रोड पर जिजामाता चौक से मंडई, मंडई से शनिपार, शनिपार से फुटका बुरुज और अप्पा बलवंत चौक से बुधवार चौक तक वाहनों की पार्किंग नहीं की जा सकेगी।

सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखने लिया निर्णय

ट्रैफिक विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे आवश्यकता होने पर ही वाहन लेकर बाहर निकलें और बंद मार्गों के बजाय वैकल्पिक मार्गों का ही इस्तेमाल करें। पुलिस उपायुक्त (ट्रैफिक) हिंमत जाधव ने बताया कि गणेशोत्सव में प्रतिवर्ष लाखों की भीड़ मध्य पुणे में पहुंचती है। ऐसे में सुरक्षा और व्यवस्था को बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है।

अत्यावश्यक सेवा जैसे एंबुलेंस, अग्निशमन, पुलिस वाहन आदि वाहनों को छोड़कर अन्य किसी भी वाहन को शाम के एंट्री नहीं दी जाएगी। भीड़ कम होते ही बंद मार्ग फिर से खोल दिए जाएंगे। पुणे में गणेशोत्सव के दौरान 31 अगस्त से 5 सितंबर तक ट्रैफिक व्यवस्था में बड़े बदलाव किए गए हैं। शाम 5 बजे के बाद प्रमुख सड़कें वाहनों के लिए बंद रहेगी। केवल अत्यावश्यक सेवाओं को ही छूट मिलेगी। आंतरिक मार्गों पर भी यह प्रतिबंध लागू रहेगा।

सिंगल लाइन ट्रैफिक नियमों में छूट

भीड़ को नियंत्रित करने और सुचारू व्यवस्था बनाए रखने के लिए 31 अगस्त से 5 सितंबर तक रात में भीड़ कम होने तक कुछ मार्गों पर सिंगल लाइन ट्रैफिक नियमों में छूट दी जाएगी। इनमें प्रमुख रुप से कुमठेकर रोड, फडके हौद रोड, सिंहगड गॅरेज से महापालिका कार्यशाला (घोरपडे पेठ), लष्कर क्षेत्र का कोहिनूर होटल चौक से भगवान महावीर चौक (महात्मा गांधी रोड) शामिल है।

Navbharat Live
navbharatlive.com