

MPSC Students Protest In Pune: महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (एमपीएससी) की परीक्षाओं में पारदर्शिता और प्रशासनिक सुधारों समेत विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों के समर्थन में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार ने राज्य सरकार से तत्काल बातचीत शुरू करने की अपील की है।
पवार ने कहा कि छात्रों और सरकार के बीच सार्थक संवाद के बिना मौजूदा गतिरोध का समाधान संभव नहीं है। पुणे में पत्रकारों से बातचीत में पवार ने कहा कि पुणे, मुंबई और राज्य के कुछ अन्य हिस्सों में छात्रों के बीच स्पष्ट रूप से बेचैनी का माहौल है। अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं।
ऐसी स्थिति में राज्य सरकार और संबंधित संस्थानों को उनकी शिकायतों का संज्ञान लेकर समाधान की दिशा में कदम उठाना चाहिए। कुछ छात्र प्रतिनिधियों ने उनसे मुलाकात कर अपनी मांगों और चिंताओं से अवगत कराया है। उन्होंने कहा कि छात्रों से जुड़े सभी कदम उनकी सहमति और संवाद के आधार पर उठाए जाने चाहिए।
एमपीएससी अभ्यर्थी आयोग के अध्यक्ष को हटाने, परीक्षाओं के संचालन में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा परीक्षा प्रणाली में सुधार समेत विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी बीच, एमपीएससी ने 3 अक्टूबर को निर्धारित राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2026 स्थगित कर दी है।
आयोग इससे पहले बता चुका है कि मौजूदा परीक्षा प्रणाली की समीक्षा के लिए गठित उच्चस्तरीय समिति ने बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों और अन्य संबंधित पक्षों से चर्चा की है। समिति ने परीक्षा प्रणाली से जुड़ी बेहतर प्रक्रियाओं का भी अध्ययन किया है।