महाराष्ट्र में मौसम का यू-टर्न, कहीं गर्मी तो कहीं बारिश का अलर्ट, अकोला में पारा 37.5°C पार

Maharashtra Weather Update: महाराष्ट्र में मौसम ने करवट ली है। कहीं तेज गर्मी तो कहीं बारिश का अलर्ट, IMD ने विदर्भ के कुछ जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है।
heatwave Maharashtra
Maharashtra rain prediction (सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Pune News: राज्य में इस समय मौसम में बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है। कुछ हिस्सों में चिलचिलाती गर्मी बर्दाश्त के बाहर हो रही है, तो कुछ जिलों में बेमौसम बारिश का खतरा मंडरा रहा है। India Meteorological Department (IMD) की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, आज बुधवार, 25 फरवरी को राज्य में अधिकतम तापमान बढ़ेगा और लू के थपेड़े तेज होंगे। वहीं, विदर्भ के कुछ जिलों में बिजली कड़कने के साथ आंधी-तूफान आने की संभावना है।

विदर्भ में गर्मी की लहर

विदर्भ में फिलहाल गर्मी की लहर चल रही है। अकोला में राज्य का सबसे अधिक तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। हालांकि, इस गर्मी के साथ बारिश का माहौल भी बना हुआ है। मौसम विभाग ने ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है, क्योंकि आज यवतमाल और चंद्रपुर जिलों में बिजली कड़कने के साथ आंधी-तूफान की संभावना है। इसके अलावा नागपुर, अमरावती और गढ़चिरौली में तापमान 34 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

बारिश के लिए अनुकूल सिस्टम

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्व में एक लो-प्रेशर एरिया सक्रिय है और समुद्र तल से 3.1 किमी की ऊंचाई पर चक्रवाती हवाएं चल रही हैं। साथ ही दक्षिण कर्नाटक से मराठवाड़ा तक एक और कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इन सिस्टम्स के कारण राज्य में बारिश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन गई हैं। महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों में भी बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश की संभावना है।

कोंकण तट पर हीटवेव

आज कोंकण क्षेत्र में आसमान ज्यादातर साफ से लेकर हल्के बादलों वाला रहने की संभावना है। मुंबई और आसपास के इलाकों में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। सुबह हल्की ठंडक रहेगी, लेकिन दोपहर में गर्मी तेज होगी, इसलिए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।

पश्चिमी महाराष्ट्र में शुष्क मौसम

पश्चिमी महाराष्ट्र के पुणे, सतारा, सांगली, कोल्हापुर और सोलापुर में तापमान बढ़ता हुआ नजर आ रहा है। इन इलाकों में अधिकतम तापमान 32 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। पुणे में दोपहर के समय तेज गर्मी पड़ेगी, जबकि कोल्हापुर, सांगली और सोलापुर में मौसम गर्म और शुष्क रहेगा।

उत्तर महाराष्ट्र में बढ़ेगा पारा

उत्तर महाराष्ट्र के नासिक, धुले, जलगांव और नंदुरबार में तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है। नासिक और धुले में सुबह मौसम सुहावना रहेगा और न्यूनतम तापमान 18 से 21 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। हालांकि दिन चढ़ने के साथ तापमान बढ़ेगा और दोपहर में अधिकतम पारा 32 से 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। धुले में राज्य का सबसे कम तापमान दर्ज हुआ, लेकिन दोपहर में गर्मी बढ़ने की संभावना है।

मराठवाड़ा में हल्की बारिश के आसार

मराठवाड़ा के छत्रपति संभाजीनगर, नांदेड़, परभणी, लातूर, बीड और धाराशिव में गर्मी तेज होने लगी है। पूरे क्षेत्र में मौसम गर्म और शुष्क रहने की उम्मीद है। यहां अधिकतम तापमान 33 से 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। बादल छाए रहने से कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन गर्मी का असर अधिक रहेगा।

विदर्भ में ‘येलो अलर्ट’

विदर्भ के नागपुर, अमरावती, अकोला, यवतमाल, चंद्रपुर और गढ़चिरौली में फिलहाल राज्य में सबसे ज्यादा गर्मी पड़ रही है। अकोला और चंद्रपुर में अधिकतम तापमान 34 से 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। खास बात यह है कि हीटवेव के साथ यवतमाल और चंद्रपुर में आंधी-तूफान के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है।

सबसे कम और सबसे ज्यादा तापमान

मंगलवार, 24 फरवरी को देश में सबसे अधिक तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस तमिलनाडु के इरोड में दर्ज किया गया। महाराष्ट्र में सबसे कम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस धुले के एग्रीकल्चरल कॉलेज में रिकॉर्ड किया गया, जबकि अकोला राज्य का सबसे गर्म शहर रहा।

लोगों के लिए खास सलाह

बढ़ती गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे दोपहर में घर से बाहर निकलने से बचें। शरीर में पानी की मात्रा बनाए रखने के लिए पर्याप्त पानी पिएं और धूप से बचाव के लिए छाता या टोपी का इस्तेमाल करें। जिन जिलों में बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी है, वहां लोग सुरक्षित स्थानों पर रहें।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com