

Koyta Gang Terror In Pune: पुणे शहर में ‘कोयता गैंग’ का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। इस गैंग के युवकों ने विमाननगर क्षेत्र में एक पान की दुकान पर मुफ्त में सिगरेट न मिलने पर कोयता निकालकर तोड़फोड़ मचा दी। सोमवार शाम करीब 8–8:30 बजे 5–6 बदमाश दुकान पर पहुंचे और सिगरेट मांगी, लेकिन पैसे देने से इनकार कर दिया। दुकानदार के विरोध करते ही वे गुस्से में आ गए और कोयता लहराते हुए दुकान में जमकर तोड़फोड़ करने लगे। पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो के मुताबिक, डर के कारण दुकानदार ने सामान देने की कोशिश भी की, लेकिन इसके बाद भी गैंग का गुस्सा शांत नहीं हुआ। युवक पहले दुकान से निकल गए, लेकिन थोड़ी देर बाद फिर से लौटे और कोयता लेकर बवाल मचाया। उन्होंने धमकाकर दुकान का सामान लूट लिया और काउंटर पर रखा ज्यादातर सामान नष्ट कर दिया। गैंग के सदस्य इतने बेखौफ थे कि उन्होंने चेहरा तक नहीं ढका, वे खुले चेहरे से आए, सिगरेट मांगी, और पैसे मांगने पर उग्र हो गए।
विमाननगर पुलिस स्टेशन के अधिकारियों ने बताया कि इस वारदात में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिनमें तीन नाबालिग हैं। सभी आरोपी और पीड़ित एक ही SRA कॉलोनी में रहते हैं। विवाद की शुरुआत सिर्फ मुफ्त में सिगरेट मांगने को लेकर हुई। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सभी आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ा गया है। अन्य आरोपियों और पूरे गिरोह की गतिविधियों की जांच जारी है।