ऐसी शादी, जो होने वाली नहीं है..., सिया गोयल के स्नैपचैट मैसेज से केतन अग्रवाल हत्याकांड में बड़ा खुलासा

Ketan Agrawal Murder Case: पुणे के केतन अग्रवाल हत्याकांड में आरोपी सिया गोयल का एक खौफनाक स्नैपचैट चैट सामने आया है, जिसने इस मर्डर मिस्ट्री को पूरी तरह से पलट कर रख दिया है।
Ketan Agrawal Murder Case Siya Goyal Snapchat Chat
सिया गोयल का स्नैपचैट मैसेज (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Siya Goyal Snapchat Chat: पूरे देश को झकझोर देने वाले पुणे के केतन अग्रवाल हत्याकांड में पुलिस प्रशासन के हाथ एक ऐसा चौंकाने वाला सुराग लगा है, जिसने पूरी मर्डर मिस्ट्री का रुख ही पलट कर रख दिया है। अब तक जिसे केवल एक सामान्य अपराध के तौर पर देखा जा रहा था, वह अब ठंडे दिमाग से सोची-समझी गई एक बेहद गहरी और खौफनाक साजिश नजर आ रही है।

स्नैपचैट चैट से खुला बड़ा राज

केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच कर पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) के हाथ आरोपी सिया गोयल का एक कथित स्नैपचैट चैट लगा है। पुलिस इस डिजिटल सबूत को बहुत बारीकी से खंगाल रही है। जानकारी के मुताबिक, यह कथित बातचीत हत्या की वारदात से ठीक पहले यानी 25 मई की बताई जा रही है। इस चैट के सामने आने के बाद यह साफ संकेत मिल रहे हैं कि केतन अग्रवाल की हत्या के पीछे एक सोची-समझी प्लानिंग काम कर रही थी।

‘वेडिंग टिकिट्स, जो होने नहीं वाली...’

इस सनसनीखेज चैट में आरोपी सिया गोयल कथित तौर पर अपनी एक सहेली से फ्लाइट टिकट बुक करने के बहाने उसका पहचान पत्र मांगती है। सिया ने चैट में लिखा "आधार कार्ड फ्रंट और बैक भेज दे फॉर वेडिंग टिकिट्स, जो होने नहीं वाली पर फिर भी भेज दे।"

चैट की यह बेहद अजीब और रहस्यमयी लाइन ही अब इस पूरे हत्याकांड की सबसे बड़ी कड़ी बन चुकी है। 'फॉर वेडिंग टिकिट्स, जो होने नहीं वाली' वाक्य ने पुलिस के कान खड़े कर दिए हैं, जिससे साफ होता है कि आरोपी को पहले से पता था कि भविष्य में कोई शादी नहीं होने जा रही है।

फ्लाइट टिकटों की बुकिंग केवल दिखावा

केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच कर रही पुणे ग्रामीण पुलिस की टीम अब इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रहे हैं कि क्या यह पूरी बातचीत और हवाई टिकटों की बुकिंग केवल एक दिखावा थी। ऐसा संदेह है कि इस कथित चैट और टिकट अरेंजमेंट्स के जरिए सिया गोयल यह दिखाना चाहती थी कि केतन अग्रवाल के साथ उसकी शादी की तैयारियां बिल्कुल सामान्य रूप से चल रही हैं, ताकि केतन की हत्या के बाद किसी को उस पर शक न हो। यह पूरी कवायद मर्डर प्लॉट को छिपाने और जांच भटकाने की एक बड़ी कोशिश हो सकती है।

जांच से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि किसी भी डिजिटल चैट की कानूनी वैधता उसकी तकनीकी और फोरेंसिक जांच पूरी होने के बाद ही तय होगी। इसलिए फिलहाल इस चैट को अंतिम सबूत नहीं माना जा सकता।

लोहगढ़ किले पर हुई थी केतन की हत्या

बता दें कि पुणे के 26 वर्षीय बिजनेसमैन केतन अग्रवाल की 18 जून को लोहगढ़ किले पर खाई में गिरने से मौत हो गई। पहले यह एक हादसा लग रहा था। लेकिन जांच के बाद पता चला कि यह हत्या है। केतन की मंगेतर सिया गोयल और उनके प्रेमी चेतन चौधरी ने लोहगढ़ किले से खाई में धक्का देकर हत्या कर दी थी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com