

Junnar Minor Girl Assault And Murder Case: नसरापुर में यौन उत्पीड़न और हत्या का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि पुणे जिले में एक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जुन्नर तहसील के पिंपलवंडी गांव में साढ़े 9 साल की बच्ची से कथित दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में बच्ची के पड़ोस में रहने वाले 25 वर्षीय आरोपी साहिल खैरे को गिरफ्तार किया है।
पुणे पुलिस के अनुसार, बच्ची पिछले तीन-चार दिनों से वायरल बुखार से पीड़ित थी। इस कारण वह स्कूल नहीं जा रही थी और घटना के समय घर पर अकेली थी। इसी दौरान आरोपी उसके घर पहुंचा और अमरूद खिलाने के बहाने उसे करीब एक किलोमीटर दूर गन्ने के खेत में ले गया। आरोप है कि वहां उसने बच्ची से दुष्कर्म किया और उसकी हत्या करने के बाद शव को पास के नाले के किनारे फेंक दिया।
घटना मंगलवार दोपहर करीब दो बजे की बताई जा रही है। बच्ची के लापता होने की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। शाम करीब 6 बजे आलेफाटा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने शुरुआत में अपहरण का मामला दर्ज कर स्थानीय अपराध शाखा और ग्रामीणों की सहायता से खोज अभियान चलाया।
जांच के दौरान पुणे पुलिस को बच्ची के एक युवक के साथ दिखाई देने की जानकारी मिली। इसके आधार पर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए घटनास्थल की जानकारी दी। उसकी निशानदेही पर रात करीब साढ़े 8 बजे नाले के पास से बच्ची का शव बरामद किया गया।
आरोपी साहिल खैरे बच्ची के घर के सामने रहता था और परिवार से परिचित था। वह अक्सर बच्ची के घर टीवी देखने भी आता था। आशंका है कि इसी परिचय का फायदा उठाकर उसने बच्ची को अपने साथ चलने के लिए राजी किया।
आलेफाटा पुलिस ने आरोपी साहिल खैरे के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म, हत्या और पोक्सो अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल ने बताया कि मामले की जांच संवेदनशीलता और तेजी से पूरी कर 15 दिनों के भीतर अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया जाएगा।
उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने पिंपलवंडी की घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण, निंदनीय और मानवता को कलंकित करने वाला बताया है। उन्होंने पुणे के पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल से फोन पर बातचीत कर जांच की जानकारी ली। साथ ही मामले की पारदर्शी और गहन जांच कर आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
सुनेत्रा पवार ने कहा कि आरोपी को जल्द से जल्द कड़ी सजा दिलाने के लिए मुकदमा फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाने का अनुरोध मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। वह जल्द ही पिंपलवंडी जाकर पीड़ित परिवार से मुलाकात करेंगी।