पुणे में मूसलाधार बारिश का कहर: कई बांधों से छोड़ा गया पानी, नदियां उफान पर; बाढ़ का हाई अलर्ट
Pune Heavy Rain: पुणे जिले में भारी बारिश से भाटघर, नीरा देवघर और वीर बांधों से भारी पानी छोड़ा गया। भोर में ब्रिटिशकालीन पुल व दत्त मंदिर डूबे, हाई अलर्ट जारी।
- Written By: रूपम सिंह
पुणे मूसलाधार बारिश का कहर प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स-सोशल मीडिया)
Pune Heavy Rain Bhatghar Nira Deoghar Veer Dam Water Release: पुणे जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण भोर, नीरा और पिंपरी-चिंचवड़ सहित घाट क्षेत्रों की प्रमुख नदियां उफान पर हैं। भारी वर्षा के चलते भाटघर, नीरा देवघर, वीर, डिंभे और पवना बांध लगभग अपनी पूरी क्षमता तक भर चुके हैं।
जलस्तर नियंत्रित रखने के लिए इन बांधों से लगातार बड़ी मात्रा में पानी छोड़ा जा रहा है। इसके चलते नदी किनारे बसे गांवों और निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी कर राहत एवं बचाव व्यवस्था तेज कर दी है।
भोर में डूबा ऐतिहासिक पुल और दत्त मंदिर
भोर तहसील में भाटघर बांध से वेलवंडी नदी में 1,631 क्यूसेक और नीरा देवघर बांध से नीरा नदी में 16,374 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। वहीं, वीर बांध से 64,523 क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद नीरा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया।
सम्बंधित ख़बरें
महाराष्ट्र: जिला परिषद शिक्षकों की पदोन्नति के लिए TET/CTET अनिवार्य, 31 अगस्त तक प्रक्रिया पूरी करने के आदेश
सुप्रिया सुले का केंद्र पर हमला: UPSC का पेपर सुरक्षित, फिर NEET बार-बार कैसे हो जाता है लीक?
32 करोड़ के कर्ज से बचने के लिए रची हत्या की साजिश! उद्योगपति पर हमले में सह-अध्यक्ष समेत 7 गिरफ्तार
नासिक की बदहाल सड़कों पर भड़के छगन भुजबल, बोले- जनता के सब्र की परीक्षा न लें, इतिहास सामने है
इसके कारण ऐतिहासिक ब्रिटिशकालीन पुल, प्रसिद्ध दत्त मंदिर और पालकी मार्ग का पुल पानी में डूब गए हैं। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने इन क्षेत्रों की आवाजाही बंद कर दी है और लोगों से नदी किनारे नहीं जाने की अपील की है।
डिंभे और पवना बांध से भी बढ़ा जल विसर्ग
घोडनदी क्षेत्र में स्थित डिंभे बांध से चरणबद्ध तरीके से जल विसर्ग बढ़ाकर 10,438 क्यूसेक कर दिया गया है। दूसरी ओर पिंपरी-चिंचवड़ का पवना बांध 99 प्रतिशत तक भर चुका है। यहां से फिलहाल 9,200 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। प्रशासन के अनुसार आवश्यकता पड़ने पर विभिन्न बांधों से जल विसर्ग को 15 हजार क्यूसेक तक और बढ़ाया जा सकता है।
यह भी पढ़ें:- महाराष्ट्र: जिला परिषद शिक्षकों की पदोन्नति के लिए TET/CTET अनिवार्य, 31 अगस्त तक प्रक्रिया पूरी करने के आदेश
प्रशासन ने जारी की सुरक्षा सलाह
उपविभागीय अधिकारी डॉ. विकास खरात ने बताया कि लगातार बारिश के कारण बांधों से पानी छोड़ने की मात्रा बढ़ाई गई है। उन्होंने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने, उफनती नदियों और पर्यटन स्थलों से दूर रहने तथा प्रशासन की ओर से जारी सभी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
निचले इलाकों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह
पुणे जिला प्रशासन ने नदी किनारे और निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। राहत एवं बचाव दलों को संवेदनशील इलाकों में तैनात किया गया है और जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने कहा है कि मौसम और बांधों से छोड़े जा रहे पानी की स्थिति को देखते हुए समय-समय पर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।
