पुणे में आफत के साथ आई राहत! मूसलाधार बारिश से जनजीवन बेपटरी, खड़कवासला समेत चारों बांधों में बढ़ा जलस्तर

Pune Heavy Rain: पुणे और आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी बारिश से खड़कवासला डैम श्रृंखला में पानी की आवक तेज हुई है। इससे जलस्तर बढ़ा है, लेकिन जनजीवन भी प्रभावित हुआ है।
Relief comes with havoc in Pune! Torrential rain disrupts normal life; water levels rise in all four dams, including Khadakwasla.
पुणे, भारी बारिश, खड़कवासला डैम, जलस्तर बढ़ा (सोर्स - सोशल मीडिया)
Updated on

Pune Heavy Rain Khadakwasla Dam Water Level: पुणे शहर और उसके आसपास के इलाकों में पिछले कुछ दिनों से जारी मूसलाधार बारिश ने एक तरफ जहां बांधों के जलस्तर में सुधार कर राहत दी है, वहीं दूसरी तरफ जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित भी किया है।

पुणे शहर को पानी की आपूर्ति करने वाली खड़कवासला डैम श्रृंखला के चारों डैम खड़कवासला, पानशेत, वरसगांव और टेमघर के कैचमेंट एरिया में लगातार हो रही वर्षा से पानी की आवक तेजी से बढ़ी है।

डैम श्रंखला में 19% जल भरा

रविवार शाम तक इस डैम श्रृंखला में कुल 5.72 टीएमसी जल भंडार दर्ज किया गया, जो इसकी कुल क्षमता का लगभग साढ़े 19 प्रतिशत से अधिक है। लेकिन यह स्थिति पिछले वर्ष की तुलना में काफी चिंताजनक है क्योंकि पिछले साल इसी अवधि तक इन बांधों में 17.67 टीएमसी यानी 60 प्रतिशत से ज्यादा पानी उपलब्ध था।

इस वर्ष अब भी करीब 12 टीएमसी पानी की भारी कमी बनी हुई है। प्रशासन इन बांधों में पानी की आवक पर लगातार नजर बनाए हुए है क्योंकि पुणे की दीर्घकालीन जलापूर्ति पूरी तरह इसी पर निर्भर है।

पिंचिं में 27 जगहों पर पेड़ गिरने की घटनाएं

दूसरी ओर, पिंपरी-चिंचवड़ शहर में शुक्रवार से जारी मूसलाधार बारिश के चलते सड़कों पर जलभराव से यातायात की रफ्तार धीमी पड़ गई है, वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। शहर के अलग-अलग हिस्सों में तेज हवाओं और बारिश के कारण करीब 27 जगहों पर पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आई हैं, जिसमें पिंपले सौदागर में एक व्यक्ति के घायल होने की खबर है।

इंद्रायणी नदी का जलस्तर बढ़ा

नदियों की बात करें तो पवना और मुला की तुलना में इंद्रायणी नदी का जलस्तर काफी तेजी से बढ़ रहा है। शहर की प्यास बुझाने वाले पवना डैम क्षेत्र में पिछले 24 घंटे में 96 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जिससे इसका कुल जल संग्रह बढ़कर लगभग 24 प्रतिशत के करीब पहुंच गया है। महापौर रवि लांडगे ने सभी क्षेत्रीय अधिकारियों और आपदा प्रबंधन की टीमों को 24 घंटे सतर्क रहने के सख्त निर्देश दिए हैं ताकि आपदा का तुरंत समाधान किया जा सके।

पुणे जिले में बारिश (मिमी)

स्थान वर्षा (मिमी)
भोर 42.0
मालीन 29.5
निमगिरी 27.0
राजगुरुनगर 27.0
चिंचवड़ 27.0
शिरूर 17.5
पाषाण 14.0
दुडुलगांव 13.5
शिवाजीनगर 13.5
एनडीए 13.0
दापोडी 12.0
लवले 7.0
बारामती 1.2
दौंड 0.5
Navbharat Live
navbharatlive.com