

Pune Heavy Rain Alert: पुणे शहर और उसके आसपास के क्षेत्रों में पिछले दो दिनों से जारी मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह से प्रभावित कर दिया है। लगातार हो रही भारी बारिश से शहर के मध्यवर्ती इलाकों से लेकर उपनगरों तक भीषण ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई है। वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया है। शहर में बड़े पैमाने पर पेड़ और शाखाएं गिरने की घटनाएं सामने आई हैं, जिसके चलते कई मुख्य मार्ग बाधित हो गए हैं।
शहर में 29 जगहों पर पेड़ या उनकी शाखाएं गिरी हैं। हालांकि प्रशासन और दमकल विभाग राहत व बचाव कार्य के लिए पूरी तरह मुस्तैद हैं, लेकिन लगातार बारिश और सड़कों पर बढ़ी गाड़ियों के कारण लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
राहत की बात यह है कि इन हादसों में कोई जनहानि नहीं हुई है। पुणे शहर में शुक्रवार, 3 जुलाई की सुबह सात बजे से लेकर शनिवार, 4 जुलाई की देर शाम तक पेड़ और उनकी बड़ी टहनियां गिरने की कुल 29 घटनाएं दर्ज की जा चुकी हैं। महानगर पालिका की सीमा में इन हादसों के कारण कोई भी नागरिक घायल नहीं हुआ। सूचना मिलते ही मनपा और अग्निशमन दल के जवानों ने तुरंत मोर्चा संभाला तथा कटर की मदद से मलबे को सड़कों से हटाकर रास्ता साफ किया।
पुणे शहर में दूसरे दिन भी भारी ट्रैफिक जाम रहा। बारिश से बचने के लिए नागरिकों ने सार्वजनिक परिवहन के बजाय अपने निजी वाहनों को प्राथमिकता दी, जिससे सड़को पर अचानक गाड़ियों का सैलाब उमड़ पड़ा, लंबे जाम से गंतव्य तक लोग लेट पहुंचे।
मुंबई शहर, पालघर, ठाणे, रायगढ़ सहित नाशिक, पुणे और सतारा के घाट क्षेत्रों के लिए अगले 48 घंटे बेहद संवेदनशील है। यहां पर भारी से अत्यंत भारी बारिश की आशंका के चलते 'रेड अलर्ट' बरकार रहेगा, लेकिन, पुणे शहर के मैदानी इलाकों में 5 जुलाई की दोपहर के बाद से बारिश की रफ्तार में धीरे-धीरे कमी आने की उम्मीद है।
- अनुपम कश्यपी, वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक
| क्षेत्र | वर्षा (मिमी) |
|---|---|
| पुणे शहर | 66.4 |
| हवेली | 42.7 |
| मुलशी | 173.5 |
| भोर | 102.2 |
| मावल | 199.8 |
| वेल्हे | 270.9 |
| जुन्नर | 30.0 |
| खेड | 81.3 |
| आंबेगांव | 45.5 |
| शिरूर | 7.6 |
| बारामती | 6.5 |
| इंदापूर | 2.8 |
| दौंड | 5.8 |
| पुरंदर | 18.9 |