मुंबई में बारिश से तबाही: IMD ने जारी किया रेड अलर्ट, 99 से अधिक पेड़ उखड़े, पालघर में स्कूल बंद

Mumbai Rain Red Alert: मुंबई और आसपास के इलाकों में मूसलाधार बारिश से हाहाकार मचा है। IMD ने रेड अलर्ट जारी किया है। हादसों में 4 लोगों की मौत हो गई है और स्कूल-कॉलेज बंद हैं।
Mumbai Rain Red Alert Trees fell
मुंबई में बारिश के कारण गिरा पेड़ (सोर्स: सोशल मीडिया)
Updated on

Mumbai Weather Update: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई और उसके आस-पास के इलाकों में पिछले 24 घंटों से हो रही मूसलाधार बारिश ने तबाही मचा रखी है। तेज हवाओं के साथ लगातार गिरते पानी के कारण पूरे शहर की रफ्तार थम गई है। मौसम विभाग (IMD) ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगड जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों से बेहद जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलने की अपील की है।

मौसम विभाग ने यह भी चेतावनी दी है कि मुंबई शहर और आसपास के इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश जारी रहेगी और रात तथा सुबह-सुबह बहुत ज्यादा बारिश होने की संभावना है। 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी आशंका है।

आज भी मुंबई और आसपास के जिलो में मॉनसून की भारी बारिश जारी रही। इसे देखते हुए पालघर जिला प्रशासन ने सभी स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी का ऐलान कर दिया है। IMD के अपग्रेडेड रेड अलर्ट के बाद मुंबई मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र के अधिकारी हाईअलर्ट पर हैं।

मुंबई में पिछले 24 घंटे में गिरे 99 से ज्यादा पेड़

लगातार हो रही बारिश के कारण इस इलाके में मौसम से जुड़ी अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई है और दो अन्य घायल हो गए हैं। मुंबई पिछले 24 घंटों में हुई बारिश से कई घटनाएं भी हुई है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के अनुसार, मुंबई में पेड़ या उनकी शाखाएं गिरने की 99 से अधिक घटनाएं सामने आई हैं। इसके अलावा, शॉर्टसर्किट के करीब 13 मामले और दीवार गिरने व जलभराव की 6 घटनाएं भी सामने आई हैं।

अब तक 4 से अधिक लोगों की मौत

रायगड जिले के खारघर में एक 17 साल का लड़का तालाब में डूब गया। वहीं ठाणे के भिवंडी में बिजली का झटका लगने से एक 26 साल के व्यक्ति की मौत हो गई। इधर मुंबई के वालकेश्वर इलाके में एक इमारत का हिस्सा गिरने से 51 साल के एक व्यक्ति की जान चली गई। एक अन्य घटना में नवी मुंबई के कामोठे इलाके में एक इमारत की छत गिरने से 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई।

इस बीच, नवी मुंबई के नेरुल में पानी से भरे इलाके में बिजली के संपर्क में आने से दो लड़कियां घायल हो गईं। यह घटना भारी बारिश के दौरान बाढ़ और खुले बिजली के इन्फ्रास्ट्रक्चर से होने वाले खतरों को उजागर करती है।

मुंबई में हुई रिकॉर्ड तोड़ बारिश

बीएमसी के अनुसार, 1 जुलाई की सुबह 8 बजे से गुरुवार सुबह 6 बजे के बीच मुंबई शहर में 134 एमएम, पूर्वी उपनगरों में 164 मिलीमीटर और पश्चिमी उपनगरों में 149 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। पूर्वी उपनगर सबसे अधिक प्रभावित रहे। यहां मुलुंड के मीठा म्युनिसिपल स्कूल में सबसे ज्यादा 218.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके बाद एस वार्ड कार्यालय में 212 मिमी और पवई के पासपोली म्युनिसिपल स्कूल में 208.4 मिमी बारिश हुई। वहीं, गवनपाडा फायर स्टेशन और मानखुर्द फायर स्टेशन में क्रमशः 205.8 मिमी और 200 मिमी बारिश दर्ज की गई।

पश्चिमी उपनगरों में भी भारी बारिश दर्ज की गई। यहां एसडब्ल्यूएम सांताक्रूज वर्कशॉप में सबसे ज्यादा 216 मिमी बारिश हुई। इसके बाद सांताक्रूज के नारियलवाड़ी स्कूल में 214.4 मिमी और अंधेरी फायर स्टेशन में 204 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं, कूपर अस्पताल में 193.2 मिमी और के-वेस्ट वार्ड कार्यालय में 192.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

मुंबई शहर में सबसे ज्यादा 187.8 मिमी बारिश जी-साउथ वार्ड कार्यालय में दर्ज की गई। इसके बाद एफ-साउथ वार्ड कार्यालय में 179 मिमी और एफ-नॉर्थ वार्ड कार्यालय में 175 मिमी बारिश हुई। वहीं, वडाला के बी-नाडकर्णी पार्क म्युनिसिपल स्कूल में 173.6 मिमी और वर्ली के आदर्श नगर स्कूल में 172.8 मिमी बारिश दर्ज की गई।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live
navbharatlive.com